साप्ताहिक करेंट अफेयर्स- 14 से 20 सितम्बर 2020

1447
current affairs in Hindi


हिंदी दिवस – 14 सितम्बर

• 14 सितंबर 1949 को भारतीय संविधान द्वारा आधिकारिक रूप से हिंदी को राजभाषा का दर्जा प्रदान किया था।

• 14 सितंबर 1953 से प्रत्येक वर्ष 14 सितम्बर को हिंदी दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई।

• 14 सितंबर के दिन राष्ट्रपति द्वारा हिंदी कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान करने वाले व्यक्तियों को राजभाषा कीर्ति पुरस्कार और राजभाषा गौरव पुरस्कार प्रदान किया जाता है।

• हिंदी दिवस मनाने का उद्देश्य नागरिको में राजभाषा के प्रति रूचि पैदा करना तथा इसके यथा संभव उपयोग को बढ़ावा देना है।

• भारत में वर्तमान में 54.5 करोड़ लोग हिंदी बोलते हैं तथा लगभग 77% आबादी हिंदी में पढ़ती,लिखती है।

• आपको जानकर गर्व होगा भारत के अलावा हिंदी मॉरिशस, फिजी, सुरीनाम, त्रिनिदाद और टोबेगो में भी बोली जाती है।

कल्पना चावला के नाम पर रखा जायेगा अमेरिकी अंतरिक्ष यान का नाम

• अमेरिकी वैश्विक एयरोस्पेस और रक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी, नॉर्थरोप ग्रुमैन ने अपने अंतरिक्ष यान एनजी -14 साइग्नस का नाम “एस.एस. कल्पना चावला” रखने की बात कही है। यह यान 29 सितम्बर 2020 को अंतरिक्ष स्पेस स्टेशन के लिए लांच किया जायेगा।

• 17 मार्च, 1962 को कल्पना चावला का जन्म करनाल, हरियाणा में हुआ था। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से वैमानिकी इंजीनियरिंग में डिग्री करने के बाद आगे की शिक्षा के लिए ये अमेरिका चली गई थी।

• कल्पना चावला वर्ष 1988 में नासा से पावर्ड-लिफ्ट कम्प्यूटेशनल फ्लूड डायनामिक्स शोधकर्ता के तौर पर जुड़ी थी।

• वर्ष 2003 में STS-107 मिशन के दौरान कोलंबिया यान से अंतरिक्ष स्पेस स्टेशन से पृथ्वी को लौटते समय इनका यान दुर्घटना ग्रस्त हो गया था , इस दुर्घटना में कल्पना चावला की अन्य 6 साथियों के साथ मृत्यु हो गयी थी।

टेको कोनिशी बने ADB में भारत के नये ‘कंट्री डायरेक्टर’

• एशियाई विकास बैंक (ADB) ने टेको कोनिशी को भारत का देश निदेशक (कंट्री डायरेक्टर) नियुक्त किया है।

• टेको कोनिशी को केनिची योकोयामा के स्थान पर यह जिम्मेदारी दी गयी है। केनिची योकोयामा को ADB ने दक्षिण एशिया विभाग के महानिदेशक की जिम्मेदारी दी है।

• एक नए कंट्री डायरेक्टर के तौर पर टेको कोनिशी की प्राथमिकता भारत के साथ ADB की दीर्घकालिक और मजबूत साझेदारी को कायम रखना होगी।

• भारत ADB में चौथा सबसे बड़ा शेयरधारक है तथा 2010 से सबसे बड़ा कर्जदार भी है। ADB ने भारत को COVID-19 से लड़ने के लिए 1.5 बिलियन डॉलर का क़र्ज़ प्रदान किया है।

विश्व ओजोन दिवस 2020 – 16 सितम्बर

• 16 सितंबर को प्रत्येक वर्ष विश्व ओजोन दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विश्वभर में लोगों को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों के दुष्प्रभाव एवं ओज़ोन परत की उपयोगिता तथा संरक्षण के महत्व को समझाना है।

• विश्व ओजोन दिवस की शुरुआत 16 सितंबर 1995 में की गयी थी। इस वर्ष विश्व ओजोन दिवस 2020 की थीम ‘जीवन के लिए ओजोनः ओजोन परत संरक्षण के 35 साल’ रखी गयी है।

• ओजोन परत गैस की एक परत है जो पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक किरणों से बचाती है। यह गैस की परत सूर्य से निकलने वाली पराबैंगनी किरणों के लिए एक अच्छे फिल्टर का काम करती है।

• 1985 में ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वे के वैज्ञानिकों ने सबसे पहले अंटार्कटिक के ऊपर ओजोन परत में एक बड़े छेद की खोज की थी। यह परत मुख्य रूप से समताप मंडल के निचले हिस्से में पृथ्वी से 20 से 30 किलोमीटर की उंचाई पर पाई जाती है।

योशिहिदे सुगा बने जापान के नये प्रधानमंत्री

• 16 सितम्बर 2020 को हुए मतदान के बाद योशिहिदे सुगा जापान के नये प्रधानमंत्री बन गए हैं। ज्ञात हो पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने स्वास्थ्य कारणों के चलते अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

• योशिहिदे सुगा को मतदान में 377 वोट प्राप्त हुए तथा उनके दो अन्य प्रतिद्वंदी को कुल 157 वोट प्राप्त हुए।

• योशोहिदे सुगा एक साधारण किसान के बेटे हैं, उनके पिता स्ट्रॉबेरी की खेती करते थे। योशोहिदे सुगा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत एक सांसद के सेक्रेटरी के रूप में की थी।

• योशोहिदे सुगा साल 1987 में योकोहामा सिटी काउंसिल के लिए चुने गए और वे साल 1996 में पहली बार जापान की संसद के लिए चुने गए।

अमेरिका अपने नागरिको को देगा Covid -19 का मुफ्त टीका

• राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने Covid-19 के टीके को लेकर अपनी योजना का खुलासा करते हुए, इसे अपने नागरिको को मुफ्त में देने की बात कही है।

• Covid -19 टीके का वितरण जनवरी माह की शुरुआत में होने की बात की गई है। अमेरिका के स्वास्थ्य और मानव सेवा विभाग और रक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से बुधवार को इस योजना से जुड़े दो दस्तावेजों को जारी किया है।

• Covid -19 की यह वैक्सीन अभी सीमित मात्रा में ही उपलब्ध है और पूरा ध्यान स्वास्थ्य कर्मियों, आवश्यक कार्यों में लगे दूसरे कर्मचारियों और वंचितों की सुरक्षा पर है।

टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड करेगी नये संसद भवन का निर्माण

• नये संसद भवन का निर्माण कार्य लगभग 21 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसकी लागत लगभग 800 करोड़ अनुमानित है।

• यह कॉन्ट्रेक्ट टाटा को 861.9 करोड़ रुपये में मिला है। कॉन्ट्रैक्ट की रेस में L&T सहित 7 कंपनियां शामिल थी।

• नया संसद भवन, राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट के बीच बनाये जाने का प्लान है। नये संसद भवन में सदनों के लिए ज्यादा सदस्यों की क्षमता वाली बैठक व्यवस्था बनाये जाने का प्लान है।

• लोकसभा की नई इमारत में सदन के अंदर 900 सीटें होंगी तथा राज्यसभा की नई इमारत में 400 सीटें होंगी।

विश्व बैंक ह्यूमन कैपिटल इंडेक्स में भारत 116वें स्थान पर

• विश्व बैंक वार्षिक ह्यूमन कैपिटल इंडेक्स (मानव पूंजी सूचकांक) में भारत को 116वां स्थान मिला है। पिछले साल भारत इस सूचकांक में 115वें स्थान पर था।

• 2018 के मुकाबले भारत के स्कोर में सुधार देखने को मिला है। साल 2018 में भारत का स्कोर 0.44 रहा था, जो हालिया रिपोर्ट में बढ़कर 0.49 हो गया है।

• मानव पूंजी सूचकांक 2020 में 174 देशों के स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी आंकड़ों को शामिल किया गया है। ये आंकड़े मार्च 2020 तक के हैं।

विश्व रोगी सुरक्षा दिवस – 17 सितंबर

• 17 सितंबर को विश्व भर में विश्व रोगी सुरक्षा दिवस (World Patient Safety Day) के रूप में मनाया जाता है। विश्व रोगी सुरक्षा दिवस वैश्विक एकजुटता और सभी देशों तथा अंतर्राष्ट्रीय भागीदारों द्वारा रोगी सुरक्षा में सुधार के लिये ठोस कार्रवाई का आह्वान करता है।

• 25 मई 2019 को विश्व स्वास्थ्य सभा ने अपने 72वें सम्मेलन में रोगी सुरक्षा को एक वैश्विक स्वास्थ्य प्राथमिकता के रूप में मान्यता देने और प्रतिवर्ष 17 सितंबर को विश्व रोगी सुरक्षा दिवस के रूप में मनाने से संबंधित एक प्रस्ताव पारित किया था।

• वर्ष 2020 के लिये इस दिवस की थीम ‘सुरक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्त्ता, सुरक्षित रोगी’ (Safe Health Workers, Safe Patients) चुनी गई है।

US ओपन 2020

• यूएस ओपन 2020 में पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रिया के डॉमिनिक थीम ने जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव को 2-6, 4-6, 6-4, 6-3, 7-6 (6) से हराकर पहली बार खिताब पर कब्जा जमाया।

• सोलह साल में पहली बार ऐसा हुआ जब ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में बिग थ्री (फेडरर, नडाल और जोकोविच) शामिल नहीं थे। राफेल नडाल कोरोना के कारण टूर्नामेंट से बाहर रहे, फ्रेडरर चोट के चलते भाग न ले सके तथा जोकोविच मैच के दौरान लाइन जज को गेंद मारने से टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

• यूएस ओपन 2020 में महिला वर्ग में जापान की नाओमी ओसाका ने फाइनल में बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका को 1-6, 6-3, 6-3 से मात दी। ये उनका दूसरा यूएस ओपन खिताब है, इससे पूर्व उन्होंने 2018 में यूएस ओपन अपने नाम किया था।

Leave a Reply !!

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.