साप्ताहिक करेंट अफेयर्स 21 से 27 फरवरी 2022

1164
current affairs in Hindi

PLAYING x OF y
Track Name
00:00

00:00


 यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान का रूस ने किया ऐलान

  • रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा यूक्रेन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का ऐलान बीते 24 फरवरी को कर दिया गया। इसके बाद से रूसी सेना द्वारा यूक्रेन के अलग-अलग हिस्सों में लगातार हमले किए जा रहे हैं।
  • संयुक्त राष्ट्र की तरफ से पुतिन से युद्ध को रोकने की अपील भी की गई है, लेकिन अब तक रूस पर इस अपील का कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
  • भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस संबंध में रूस के राष्ट्रपति पुतिन से बात की है और उनसे शांतिपूर्ण तरीके से समस्या का समाधान निकालने का अनुरोध किया है।
  • पुतिन ने रूस यूक्रेन के दो अलगाववादी क्षेत्रों दोनेत्स्क एवं लुहान्सक को स्वतंत्र देशों का दर्जा प्रदान कर दिया है।

26 मार्च से शुरू होगा आईपीएल का 15वां सीजन

  • इंडियन प्रीमियर लीग 2022 की शुरुआत आगामी 26 मार्च से होने जा रही है। यह आईपीएल का 15वां सीजन होगा।
  • आईपीएल 29 मई, 2022 तक चलेगा। इसी दिन इसका फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
  • बृजेश पटेल के नेतृत्व में आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक में यह फैसला किया गया है, जिसमें बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरभ गांगुली लंदन से वर्चुअल तरीके से जुड़े थे।
  • IPL 2022 के मुकाबले केवल चार मैदानों में ही खेले जाएंगे, जो कि मुंबई और पुणे में होंगे।
  • आईपीएल 2022 में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहली बार आईपीएल में अहमदाबाद और लखनऊ की भी टीमें होंगी।
  • आईपीएल के लिए बड़े पैमाने पर ऑक्शन का आयोजन हाल ही में हुआ है, जिसमें कि ईशान किशन सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। ईशान किशन को मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपये में खरीदा है।

लांच हुआ भारतीय रेलवे का प्रथम सौर ऊर्जा संयंत्र

  • मध्य प्रदेश के बीना में भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स की तरफ से भारतीय रेलवे के लिए 1.7 मेगा वाट सौर फोटोवोल्टिक संयंत्र को शुरू कर दिया गया है, जिसके माध्यम से भारतीय रेलवे के ट्रेक्शन सिस्टम को सीधे बिजली की आपूर्ति हो पाएगी।
  • बीना में शुरू हुए इस संयंत्र का फैलाव 10 एकड़ से भी ज्यादा के क्षेत्र में है।
  • भारतीय रेलवे को इस प्लांट में तैयार होने वाली बिजली नि:शुल्क उपलब्ध होगी।
  • इस सोलर प्लांट के काम करने से हर वर्ष 2107 तक कार्बन डाइऑक्साइड के उत्सर्जन को बचाया जा सकेगा।
  • भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1956 में हुई थी और वर्तमान में इसके अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक की जिम्मेवारी नलिन सिंघल संभाल रहे हैं।

प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के पूर्णकालिक सदस्य बने संजीव सान्याल

  • प्रख्यात अर्थशास्त्री और इतिहासकार संजीव सान्याल को प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार परिषद का पूर्णकालिक सदस्य नियुक्त किया गया है।
  • पैनल के अध्यक्ष विवेक देवरॉय द्वारा इसकी घोषणा की गई है।
  • संजीव सान्याल 1990 के दशक से ही वित्तीय बाजारों के साथ काम करते रहे हैं।
  • संजीव सान्याल इस वक्त वित्त मंत्रालय के प्रमुख आर्थिक सलाहकार के रूप में सेवा दे रहे हैं। वित्त मंत्रालय में उनकी एंट्री फरवरी, 2017 में हुई थी।
  • संजीव सान्याल पश्चिम बंगाल के कोलकाता में जन्मे थे। दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स और सेंट जॉन कॉलेज ऑक्सफोर्ड में रोड्स स्कॉलर भी रहे हैं।

मनरेगा के लिए लांच हुआ लोकपाल ऐप

  • मनरेगा के लिए लोकपाल ऐप को केंद्रीय ग्रामीण एवं पंचायती राज्य मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा लांच किया गया है।
  • ई गवर्नेंस की दिशा में बढ़ाए गए इस कदम से मनरेगा में न केवल जवाबदेही, बल्कि पारदर्शिता भी सुनिश्चित हो पाएगी।
  • वर्तमान में भौतिक स्वरूप में शिकायतों का समाधान किया जा रहा है। ऐसे में लोकपाल ऐप को इसलिए डिजाइन किया गया है, ताकि शिकायतों की न केवल तत्काल रिपोर्टिंग हो सके, अपितु तुरंत उनका समाधान भी हो जाए।
  • सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को यह निर्देश दिया गया है कि वे लोकपाल ऐप का इस्तेमाल करके मनरेगा को पहले से अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करें।

ऋचा घोष बनीं एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली भारतीय महिला खिलाड़ी

  • ऋचा घोष भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। उन्होंने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करके यह गौरव हासिल किया है।
  • न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच एकदिवसीय मैचों की सीरीज के चौथे मैच में ऋचा घोष ने यह कारनामा करके दिखाया है।
  • इससे पहले रूमेली धर के नाम यह रिकॉर्ड हुआ करता था, जिन्होंने कि 29 गेंदों में श्रीलंका के विरुद्ध वर्ष 2008 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
  • ऋचा घोष ने अब तक 6 एकदिवसीय मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 215 रन हैं।
  • उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सितंबर, 2021 में वनडे में डेब्यू किया था।

नहीं रहे ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री हेमानंद बिस्वाल

  • हेमानंद बिस्वाल, जो कि कांग्रेस के कद्दावर नेता थे और जिनकी प्रमुख आदिवासी नेता के रूप में भी पहचान थी, 82 वर्ष की उम्र में ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में उनका बीते 26 फरवरी को निधन हो गया है।
  • हेमानंद बिस्वाल दो बार ओडिशा के मुख्यमंत्री बने थे। उनका पहला कार्यकाल 7 दिसंबर, 1989 से 5 मार्च, 1990 तक रहा था। दूसरी बार हेमानंद बिस्वाल 6 दिसंबर, 1999 से 5 मार्च, 2000 तक ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे थे।
  • हेमानंद बिस्वाल ने आदिवासी समुदायों के लिए अपने राजनीतिक कॅरियर के दौरान विशेष रूप से काम किया था।

महत्वपूर्ण दिवस एवं तिथियां

  • प्रोटीन दिवस, 27 फरवरी- प्रोटीन के पोषण संबंधी लाभों के बारे में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से यह दिवस मनाए जाने की शुरुआत वर्ष 2020 से हुई है।
  • वीर सावरकर की पुण्य तिथि, 26 फरवरी- स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर, जिन्होंने कि 1857 की क्रांति को स्वतंत्रता का प्रथम युद्ध कहा था, उनकी पुण्यतिथि 26 फरवरी को मनाई गई।
  • केंद्रीय उत्पाद शुल्क दिवस, 24 फरवरी– वर्ष 1944 में इसी दिन केंद्रीय उत्पाद शुल्क और नमक अधिनियम को लागू किए जाने की याद में इस दिवस को मनाया जाता है।
  • अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस, 21 फरवरी– अपनी भाषा व संस्कृति के प्रति लोगों के बीच रुचि जगाने एवं जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है।

नॉलेज बूस्टर

  • फरवरी के तीसरे शनिवार को कौन-सा दिवस मनाया जाता है? विश्व पैंगोलिन दिवस
  • गौतम संवाग को हाल ही में किसका अध्यक्ष बनाया गया है? आंध्र प्रदेश लोक सेवा आयोग
  • Thums Up द्वारा किस अभिनेता को अपना नया ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है? शाहरुख खान
  • असम की किस गांधीवादी महिला का निधन 102 वर्ष की उम्र में हाल ही में हुआ है? शकुंतला चौधरी
  • किस देश में हाइड्रोजन से चलने वाली पहली ट्रेन को लॉन्च किया गया है? जापान
  • अजीत आगरकर को अपना सहायक कोच किस टीम ने नियुक्त किया है? दिल्ली कैपिटल्स
  • सी-डोम प्रणाली नामक एक नई नौसेना वायु रक्षा प्रणाली का सफलतापूर्वक परीक्षण किस देश द्वारा किया गया है? इजराइल
  • राष्ट्रपति गितानस नौसेदा द्वारा किस देश में हाल ही में आपातकाल लागू किए जाने की घोषणा की गई है? लिथुआनिया
  • पुरानी पेंशन योजना बहाल किए जाने की घोषणा हाल ही में किस राज्य सरकार द्वारा अपने बजट में की गई है? राजस्थान
  • बीते 24 फरवरी को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ने अपने कितने साल पूरे कर लिए हैं? तीन
  • पंकज त्रिपाठी को किसने हाल ही में अपना नया ब्रांड एंबेसडर बनाया है? कृषि नेटवर्क
  • चेतन घाटे को किसने अपने नए निदेशक के रूप में नियुक्त किया है? इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ

Leave a Reply !!

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.