साप्ताहिक करेंट अफेयर्स- 4 से 10 नवंबर 2019

3351
current affairs in Hindi


नहीं रहे पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन

  • भारत में चुनाव सुधार को लेकर मशहूर हुए पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन का 86 वर्ष की उम्र में बीते 10 नवंबर को निधन हो गया है। वे अपने बेहद कड़े रुख के लिए जाने जाते थे। अपने कार्यकाल के दौरान टीएन शेषन ने न तो प्रधानमंत्री नरसिंह राव को ही बख्शा और ना ही बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को। बिहार में सबसे पहली बार 4 चरणों में चुनाव करवाने का श्रेय टीएन शेषन को ही जाता है। यही नहीं, चारों बार उन्होंने चुनाव की तारीख भी बदल दी थी।
  • वर्ष 1990 में टीएन शेषन ने भारत के 10वें मुख्य चुनाव आयुक्त की जिम्मेवारी संभाली थी। इस दौरान उनका डायलॉग ‘आई ईट पॉलिटिशियंस फॉर ब्रेकफास्ट’ बेहद लोकप्रिय हुआ था। मुख्य चुनाव आयुक्त बनने से पहले शेषन ने कई मंत्रालयों में भी काम किया था और वहां उनकी छवि भी सुधारी थी। महज 21 साल की उम्र में शेषण IAS की परीक्षा में टॉपर बने थे।

करतारपुर कॉरिडोर का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

  • करतारपुर कॉरिडोर का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर दिया है। साथ ही 500 भारतीय तीर्थ यात्रियों को भी उन्होंने रवाना किया है। तीर्थ यात्रियों के जत्थे में पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के साथ पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल और पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू भी शामिल हैं।
  • पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के नारोवल जिले में 16वीं शताब्दी में जो गुरद्वारा दरबार साहिब स्थापित किया गया था, वहां तक भारत के सिख तीर्थयात्रियों के आसानी से पहुंचने के लिए कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव वर्ष 1999 में ही तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा रखा गया था। पाकिस्तान में स्थित करतार साहिब भारत के डेरा बाबा नानक श्राइन से केवल 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह कॉरिडोर डेरा बाबा नानक श्राइन और करतारपुर साहिब को जोड़ेगा।

पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 की मेजबानी करेगा भारत

  • स्विट्जरलैंड में इसकी घोषणा कर दी गई है। तीन देशों की ओर से इसकी दावेदारी पेश की गई थी। आखिरकार भारत को इसकी मेजबानी मिल गई है। पुरुष विश्व कप का आयोजन 2023 में 13 से 29 जनवरी तक किया जाएगा। वर्ष 2018 में भी पुरुष हॉकी विश्व कप का आयोजन भारत में ही हुआ था।
  • उड़ीसा की राजधानी भुवनेश्वर में स्थित कलिंगा स्टेडियम में 28 नवंबर से 16 दिसंबर तक इसका आयोजन किया गया था, जिसमें 16 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया था। इस विश्व कप में पाकिस्तान, इंग्लैंड, भारत, चीन, मलेशिया, बेल्जियम, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड, अर्जेंटीना, फ्रांस, आयरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और जर्मनी की टीमों ने भाग लिया था।

अयोध्या विवाद पर सर्वोच्च न्यायालय ने सुनाया फैसला

  • अयोध्या में राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद पर अपना निर्णय सुनाते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने विवादित जमीन को रामलला विराजमान के हवाले कर दिया। साथ ही केंद्र सरकार को सर्वोच्च न्यायालय की ओर से मस्जिद के निर्माण के लिए सुन्नी वक्फ बोर्ड को 5 एकड़ की जमीन अयोध्या में देने का आदेश भी दिया गया।
  • भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रंजन गोगोई की अध्यक्षता में पांच न्यायाधीशों जस्टिस अशोक भूषण, एसए बोबडे, डीवाई चंद्रचूड़ एवं एस अब्दुल नजीर की पीठ ने यह फैसला सुनाया। फैसले का समर्थन सभी पांचों न्यायाधीशों की ओर से किया गया। फैसला आने से पहले उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली सहित कई राज्यों में धारा 144 लगा दी गई थी।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिया इस्तीफा

  • महाराष्ट्र में बीते विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को पूर्ण बहुमत प्राप्त न होने की स्थिति में इससे पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को अपना इस्तीफा सौंप दिया। विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 105 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है, जबकि उसके सहयोगी दल शिवसेना को 56 सीटों पर जीत हासिल हुई है।
  • भाजपा और शिवसेना के बीच सरकार बनाने को लेकर सहमति ना हो पाने की स्थिति में सबसे बड़े दल के नाते भाजपा को राज्यपाल ने सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया, मगर भाजपा ने सरकार बनाने से मना कर दिया। राज्यपाल की ओर से शिवसेना को राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया गया है। विधानसभा चुनाव में एनसीपी को 54 सीटों पर जीत मिली है, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस 44 सीटें जीतने में सफल हुई है। महाराष्ट्र में विधानसभा की कुल सीटों की संख्या 288 है।

संयुक्त अरब अमीरात के फिर से राष्ट्रपति चुने गए शेख खलीफा बिन जायेद अल नह्यान

  • अपनी पिता जायेद बिन सुल्तान अल नह्यान की मौत के बाद शेख खलीफा 3 नवंबर, 2004 को संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति चुने गए थे। संयुक्त अरब अमीरात में राष्ट्रपति ही राष्ट्र का प्रमुख होता है। अबू धाबी संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी है।
  • अबू धाबी, दुबई, शारजाह, फ़ुजैरा, अजमान, उम्म अल क्वैन और रास अल खैमाह का संयुक्त अरब अमीरात एक महासंघ है। साथ मिलकर ये फेडरल सुप्रीम काउंसिल बनाते हैं। ये सभी एक शासक के अधीन होते हैं जो कि राष्ट्रपति है।

100 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैच खेलने वाले पहले भारतीय पुरुष क्रिकेटर बने रोहित शर्मा

  • भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 100 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैच खेलने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। गुजरात के राजकोट में स्थित सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन मैदान में बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मैच खेलते हुए उन्होंने यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। रोहित शर्मा पाकिस्तान के शोएब मलिक के बाद 100 से अधिक टी-20 क्रिकेट मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। शोएब मलिक ने 111 टी-20 मैच खेले हैं।
  • टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में भी रोहित शर्मा इस वक्त शीर्ष पर बने हुए हैं। इसके बाद भारत के कप्तान विराट कोहली का नंबर है। रोहित शर्मा ने नियमित कप्तान विराट कोहली की अनुपस्थिति में बांग्लादेश के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज में कप्तानी की है और भारत ने नागपुर में खेले गए अंतिम टी-20 मुकाबले में बांग्लादेश को हराकर पेटीएम सीरीज को अपने नाम कर लिया है।
  • इसी मैच में दीपक चाहर ने केवल 7 रन देकर 6 विकेट लेकर अजंता मेंडिस के 8 रन देकर 6 विकेट लेने के सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग परफॉर्मेंस के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ दिया। साथ ही टी-20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले भी वे पहले भारतीय गेंदबाज बन गए।

वर्ष 2019-20 के देवधर ट्राफी पर इंडिया बी का कब्जा

  • रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में इंडिया B ने इंडिया C को 51 रनों से मात देकर वर्ष 2019-20 के देवधर ट्रॉफी को अपने नाम कर लिया है। देवधर ट्रॉफी का यह 47वां संस्करण था। इंडिया C पिछली बार का विजेता रहा था। देवधर ट्रॉफी भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड की ओर से चुनी गई तीन टीमों के बीच खेली गई थी। इन टीमों में इंडिया A, इंडिया B और इंडिया C शामिल थीं।
  • भारतीय क्रिकेट के ग्रैंड ओल्ड मैन के नाम से जाने जाने वाले प्रोफेसर डीबी देवधर के नाम पर इस टूर्नामेंट का नाम देवधर ट्रॉफी रखा गया था। देवधर ट्रॉफी के फाइनल में सबसे कम उम्र का कप्तान बनने का अवसर शुभमन गिल को मिला है। उन्होंने 20 साल 57 दिन की उम्र में देवधर ट्रॉफी के फाइनल में कप्तानी की।

Leave a Reply !!

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.