साप्ताहिक करेंट अफेयर्स- 27 जनवरी से 2 फरवरी 2020

2474
current affairs in Hindi


अजय बिसारिया कनाडा और विनय मोहन क्वात्रा नेपाल में नियुक्त हुए भारत के राजदूत

  • पाकिस्तान में भारत के उच्चायुक्त की जिम्मेवारी संभाल चुके अजय बिसारिया को अब कनाडा में भारत का उच्चायुक्त बनाया गया है। बीते अगस्त में भारत सरकार के जम्मू-कश्मीर को मिले विशेष दर्जे को समाप्त किये जाने एवं राज्य के पुनर्गठन के फैसले के बाद पाकिस्तान ने वापस उन्हें भारत भेज दिया था। अजय बिसारिया 1987 बैच के आईएफएस अधिकारी हैं। अजय बिसारिया की वर्ष 2018 के अगस्त में सत्ता में आई पाकिस्तान की इमरान खान की सरकार के साथ भारत के अच्छे संबंध स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। साथ ही करतारपुर गलियारे के साथ कई अन्य मामलों को आगे ले जाने में भी उनका योगदान अहम रहा था।
  • वहीं, सेवानिवृत्त हो रहे मंजीव सिंह पुरी के स्थान पर 1988 बैच के आईएफएस अधिकारी एवं अनुभवी राजनयिक विनय मोहन क्वात्रा को भारत के नेपाल में अगले राजदूत की अहम जिम्मेवारी सौंपी गई है। वर्तमान में क्वात्रा भारत के राजदूत के तौर पर फ्रांस में सेवा दे रहे हैं। क्वात्रा जेनेवा में भारत के स्थाई मिशन के साथ उज्बेकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और चीन में विभिन्न राजनयिक मिशनों में विशेष भूमिका निभा चुके हैं।

केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर व सीमा शुल्क बोर्ड के चेयरमैन नियुक्त हुए एम अजीत कुमार

  • एम अजीत कुमार को कैबिनेट नियुक्ति समिति की ओर से केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर व सीमा शुल्क बोर्ड यानी कि Central Board of Indirect Taxes and Customs (CBIC)का नया चेयरमैन नियुक्त किये जाने को लेकर मंजूरी दे दी गई है। वर्ष 1984 के बैच के भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी एम अजीत कुमार फिलहाल केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर व सीमा शुल्क बोर्ड के सदस्य हैं। एम अजीत कुमार से पूर्व केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर व सीमा शुल्क बोर्ड के चेयरमैन की जिम्मेवारी प्रणब कुमार दास संभाल रहे थे।
  • अपने देश में सेवा कर के साथ केंद्रीय उत्पाद शुल्क, नारकोटिक्स और जीएसटी के लिए केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड ही सबसे प्रमुख उत्तरदायी राष्ट्रीय एजेंसी है। यह केंद्रीय वित्त मंत्रालय के अंतर्गत राजस्व विभाग के ही एक हिस्से के रूप में काम करता है और नई दिल्ली में इसका मुख्यालय स्थित है। वर्ष 1855 में ही भारत में सीमा शुल्क से संबंधित कानूनों, आयात शुल्क एवं भूमि राजस्व के संग्रह के लिए तत्कालीन ब्रिटिश गवर्नर ने इसे स्थापित किया था। इसका नाम 2017 के मार्च में बदलकर सेंट्रल बोर्ड ऑफ एक्साइज एंड कस्टम्स (CBEC) कर दिया गया था।

फुटबॉल जगत में दुनिया में सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी बनीं कनाडा की क्रिस्टीन सिंक्लेयर

  • टेक्सास के ब्राउन्सविले में आयोजित हुए कोनकाकाफ ओलंपिक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में कनाडा की क्रिस्टीन सिंक्लेयर ने सेंट किट्स एवं नेविस के विरुद्ध अपनी टीम की 11-0 से बड़ी जीत के दौरान अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे अधिक गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने इस दौरान अपने करियर का 185वां गोल दागने में कामयाबी पाई। इस तरह से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने के मामले में अमेरिका की एबी वैमबैक को पीछे छोड़ दिया।
  • किट्स एवं नेविस, जिसकी जनसंख्या मुश्किल से 50 हजार की है, यहां की टीम के खिलाफ क्रिस्टीन ने दो गोल दागे। क्रिस्टीन की टीम कुल अंकों के आधार पर किट्स एवं नेविस को 31-2 से रौंदने में कामयाब रही। ओलिंपिक में भी क्रिस्टीन 11 गोल दाग चुकी हैं और पांच विश्व कप में जिन दो खिलाड़ियों ने अब तक गोल किया है, उनमें से क्रिस्टीन भी एक हैं।

वर्ल्ड गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर पुरस्कार जीतने वाली पहली भारतीय बनीं रानी रामपाल

  • विजेता की घोषणा खेल प्रेमियों द्वारा 20 दिनों तक चली वोटिंग के बाद 30 जनवरी 2020 को द वर्ल्ड गेम्स की ओर से की गई। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल को कुल पड़े 7 लाख 5 हजार 610 मतों में से एक लाख 99 हजार 477 वोट मिले। शानदार प्रदर्शन के साथ सामाजिक सरोकार एवं अच्छे व्यवहार के लिए वर्ल्ड गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर पुरस्कार प्रदान किया जाता है।
  • बीते वर्ष यह पुरस्कार एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक्स में शानदार प्रदर्शन करने वालीं मारिया चर्नोवा-जियोर्जी पटारिया की रूसी जोड़ी को हासिल हुआ था। इस वर्ष दूसरे स्थान पर यूक्रेन की कराटे खिलाड़ी स्टेनिसलाव होरुना, जबकि तीसरे स्थान पर कनाडा की पावरलिफ्टर रिया स्टिन रहीं। कुल मिलाकर अलग-अलग खेलों से जुड़े 25 खिलाड़ियों को इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया था।

ट्रैफिक के मामले में दुनिया का सबसे खराब शहर बना बेंगलुरु

  • दुनिया में ट्रैफिक के मामले में सबसे खराब शहर भारत में कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु को आंका गया है। नीदरलैंड की नेविगेशन, ट्रैफिक और मैप उत्पाद कंपनी टॉमटॉम की ओर से जारी की गई एक रिपोर्ट में यह खुलासा करते हुए बताया गया है कि बीते वर्ष इस गार्डन सिटी में लोगों को यात्रा के दौरान करीब 243 घंटे जाम में बिताने पड़े थे, जो कि 10 दिन और तीन घंटे के बराबर है।
  • रिपोर्ट में दुनिया के 57 देशों के 416 बड़े शहरों में ट्रैफिक की स्थिति को लेकर सर्वे करके डेटा तैयार किया गया है और इसमें भारत की आर्थिक राजधानी मानी जाने वाली मुंबई को चौथे, पुणे को पांचवें और दिल्ली को आठवें स्थान पर रखा गया है। बेंगलुरु के बाद फिलीपींस की राजधानी मनीला ट्रैफिक के मामले में दुनिया का दूसरा सबसे खराब शहर है।

थाईलैंड में यूएन की ‘रेजिडेंट कॉर्डिनेटर’ नियुक्त हुईं भारत की गीता सभरवाल

  • भारतीय मूल की गीता सभरवाल को संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के महासचिव एनटोनियो गुटेरस की ओर से हाल ही में थाईलैंड में संयुक्त राष्ट्र का ‘रेजीडेंट कॉर्डिनेटर’ नियुक्त किया है। मेजबान देश की मंजूरी से यह नियुक्ति की गई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के नामित प्रतिनिधि के तौर पर रेजीडेंट कॉर्डिनेटर काम करता है।
  • ब्रिटेन के यूनिवर्सिटी ऑफ वेल्स से गीता सभरवाल ने डेवलपमेंट मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री हासिल तो की ही है, साथ ही दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया पर लिखे गये कई पॉलिसी पेपर भी भी उनके नाम हैं। थाईलैंड में अपनी नियुक्ति से पूर्व गीता सभरवाल सात वर्षों तक श्रीलंका में शांति की स्थापना और विकास के लिए यूएन की ओर से सलाहकार के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।

ऑपरेशन ‘वनीला’ की मेडागास्कर में भारतीय नौसेना ने की शुरुआत

  • चक्रवात से प्रभावित लोगों को मानवीय सहायता मुहैया कराये जाने के उद्देश्य से मेडागास्कर में भारतीय नौसेना ने हाल ही में इस ऑपरेशन को शुरू किया, जिसमें भारतीय नौसेना के विशाल उभयचर जहाज द्वारा आपदा के शिकार मेडागास्कर को हर जरूरी मदद मुहैया कराई जा रही है।
  • मेडागास्कर में बाढ़ का शिकार हुए लोगों को राहत प्रदान करने के लिए यहां की सरकार और भारतीय दूतावास ने मिलकर यह योजना तैयार की थी, जिसके तहत तूफान के परिणामस्वरूप आई बाढ़ के बाद भारतीय नौसैनिकों की ओर से यहां दवाओं और खाद्य सामग्री का वितरण किया जा रहा है।

5-0 से टी-20 सीरीज जीतने वाली पहली टीम बनी इंडिया

  • माउंट माउंगानुई में न्यूजीलैंड को टी-20 मैच में 7 रनों से मात देकर भारत ने न केवल सीरीज में न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ किया, बल्कि 5-0 से द्विपक्षीय टी-20 सीरीज जीतने वाली दुनिया की पहली टीम भी बन गई।
  • जसप्रीत बुमराह को जहां मैन ऑफ द मैच चुना गया, तो वहीं पांच मैचों की सीरीज में सर्वाधिक 224 रन बनाने वाले केएल राहुल को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।

Leave a Reply !!

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.