बैलिस्टिक मिसाइल गजनवी का पाकिस्तान ने किया सफलतापूर्वक परीक्षण
- सतह से सतह पर मार करने वाली कम दूरी की एक हाइपरसोनिक गजनवी नामक बैलिस्टिक मिसाइल का पाकिस्तान ने बीते 23 जनवरी को सफलतापूर्वक परीक्षण कर लिया है। इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस की ओर से एक बयान जारी करके इसकी पुष्टि की गई है।
- नेशनल डिफेंस परिसर में गजनवी मिसाइल को डेवलप किया गया है। यह मिसाइल 290 किलोमीटर तक के लक्ष्य को भेद पाने में सक्षम है। साथ ही अपने साथ परमाणु हथियारों को ले जाने में भी यह मिसाइल समर्थ है।
पूर्व सैन्य अधिकारी री सान गवॉन बने उत्तर कोरिया के विदेश मंत्री
- बेहद सक्रिय रहने वाले अपने पूर्व सैन्य अधिकारी री सान गवॉन को उत्तर कोरिया की ओर से अपना नया विदेश मंत्री बनाया गया है। री सान गवॉन के विदेश मंत्री नियुक्त किए जाने के बारे में जानकारी कोरियन सेंट्रल संवाद समिति की 23 जनवरी की रिपोर्ट में दी गई है। इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि विदेशी राजनयिकों के प्योंगयांग में हुए अभिनंदन समारोह में भी री सान ने हिस्सा लिया था।
- दक्षिण कोरिया के साथ संबंधों के लिए उत्तर कोरिया में जो सरकारी निकाय बनाया गया है, उसके अध्यक्ष के रूप में भी री सान गवॉन काम कर चुके हैं। इसके अलावा अंतर कोरियाई सैन्य वार्ता में पिछले 15 वर्षों के दौरान वे कई बार प्रतिभाग कर चुके हैं।
भोपाल में शुरू हुआ भारत का पहला ई-कचरा क्लिनिक
- भारत के पहले ई-कचरा क्लीनिक की शुरुआत मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में की गई है। यहां घरों से एवं वाणिज्यिक इकाइयों से निकलकर आने वाले कचरे को अलग किया जाएगा। साथ ही इसे यहां संसाधित भी करने की व्यवस्था की गई है। हर तरह के ई-कचरे जैसे कि मोबाइल, चार्जर, कंप्यूटर आदि को इस क्लीनिक में संसाधित किया जाएगा।
- या तो घर घर-घर जाकर इलेक्ट्रॉनिक कचरे जमा किए जाएंगे या फिर लोग सीधे क्लीनिक में आकर इन्हें जमा करा सकेंगे। इस क्लीनिक को तकनीकी मदद केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ भोपाल नगर निगम की ओर से भी प्राप्त हो रही है।
विदेशी जमीन पर टी-20 क्रिकेट में भारत ने पूरा किया सबसे बड़ा रन चेज
- भारत ने ऑकलैंड में बीते 24 जनवरी को खेले गए टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 204 रनों का लक्ष्य हासिल करके विदेशी धरती पर अपने सबसे बड़े रन चेज को पूरा कर लिया। इस तरह से यह चौथा ऐसा अवसर रहा, जब भारत ने किसी इंटरनेशनल टी-20 मैच में 200 से अधिक रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया।
- भारत ने अपना सबसे बड़ा रन चेज वेस्टइंडीज के खिलाफ पूरा किया था, जब उसे 208 रनों का लक्ष्य मिला था और उसने 18.4 ओवर में ही केवल 4 विकेट खोकर 209 रन बनाए थे और मुकाबले को जीत लिया था। विदेशी धरती पर भारत का इससे पहले सबसे बड़ा रन चेज ब्रिस्टल में इंग्लैंड के खिलाफ 8 जुलाई, 2018 का था, जब उसने 199 रन के मुश्किल लक्ष्य को भी प्राप्त कर लिया था।
भारत को वैश्विक प्रतिभा सूचकांक में मिला 72वां स्थान
- वैश्विक प्रतिभा प्रतिस्पर्धा सूचकांक के सातवें संस्करण में भारत को 72वां स्थान हासिल हुआ है। दुनिया के देश किस तरह से तरक्की कर रहे हैं, प्रतिभाओं को उन्होंने कितनी अच्छी तरह से अपने यहां पोषित होने दिया है और प्रतिभाओं को आकर्षित करने की उनकी क्षमता कितनी है, इन सब के आधार पर यह सूचकांक तैयार किया जाता है और इन्हीं के आधार पर उन्हें रैंकिंग भी प्रदान की जाती है।
- इस सूचकांक में दुनियाभर से 132 देशों को जगह दी गई है। स्विट्जरलैंड इसमें पहले स्थान पर रहा है। उसके बाद दूसरे नंबर पर अमेरिका और तीसरे नंबर पर सिंगापुर है। रिपोर्ट में औपचारिक शिक्षा श्रेणी में भारत 68वें स्थान पर है।
भारत को भ्रष्टाचार धारणा सूचकांक में हासिल हुआ 80वां स्थान
- ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल की ओर से बीते 23 जनवरी को दावोस में विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक के दौरान जारी किए गए भ्रष्टाचार धारणा सूचकांक में भारत 80वें स्थान पर है। इस सूची में 180 देश शामिल है। वर्ष 2018 में भारत को 78वां स्थान हासिल हुआ था। वहीं, पाकिस्तान 120वें स्थान पर है, जिससे यह पता चलता है कि वहां भ्रष्टाचार अधिक है।
- भारत को 41 अंक प्राप्त हुए हैं और इस तरह से 2019 में भारत को 80वां स्थान हासिल हुआ है। इसी स्थान पर भारत के साथ चीन, घाना, बेनिन और मोरक्को जैसे देश भी बने हुए हैं। इस सूचकांक में सबसे पहला स्थान फिनलैंड को हासिल हुआ है। इसके अलावा शीर्ष 10 में सिंगापुर, स्वीडन, नीदरलैंड और जर्मनी जैसे देश भी शामिल हैं। भारत का पड़ोसी बांग्लादेश इस सूची में 146वें, जबकि नेपाल 113वें स्थान पर है।
दादरा नगर हवेली और दमन दीव की दमन होगी राजधानी
- दादरा नगर हवेली तथा दमन दीव को मिलाकर बनाए गए केंद्रशासित प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमन दीव की राजधानी दमन होगी। मोदी कैबिनेट की बैठक में यह फैसला ले लिया गया है। इस तरह से देश में अब केंद्रशासित प्रदेशों की संख्या आठ हो जाएगी।
- इससे पहले जब जम्मू-कश्मीर राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख में बांट दिया गया था तो केंद्रशासित प्रदेशों की संख्या बढ़कर नौ हो गई थी। ऐसे में विलय के बाद इनकी संख्या घटकर फिर से आठ होने जा रही है। दोनों क्षेत्रों में प्रशासन को बेहतर बनाने के लिए सरकार के अनुसार यह कदम उठाया गया है।
महाराष्ट्र सरकार ने स्कूलों में अनिवार्य किया 26 जनवरी से संविधान की प्रस्तावना का पाठ
- महाराष्ट्र के सभी स्कूलों में 26 जनवरी से हर दिन सुबह संविधान की प्रस्तावना का पाठ अनिवार्य रूप से किए जाने की घोषणा महाराष्ट्र सरकार की ओर से की गई है। रोजाना सुबह प्रार्थना के बाद सभी स्कूलों में संविधान की प्रस्तावना का पाठ होगा। राज्य सरकार की ओर से इससे संबंधित एक सर्कुलर जारी किया गया है, जिसमें बताया गया है कि संविधान की संप्रभुता और सभी के कल्याण के अभियान का ही प्रस्तावना का पाठ एक हिस्सा है।
- हालांकि, यह प्रस्ताव बहुत ही पुराना है। फरवरी, 2013 में ही सरकार की ओर से इसे लेकर परिपत्र जारी किया गया था। स्कूलों में संविधान की प्रस्तावना के पाठ के अलावा मराठी भाषा की पढ़ाई को भी महाराष्ट्र सरकार द्वारा अनिवार्य किया गया है।
दुनिया के गतिशील शहरों की सूची में हैदराबाद शीर्ष पर
- दुनिया के 129 गतिशील शहरों की सूची, जिसे अमेरिका की रियल स्टेट कंपनी जॉन्स लैंग लासेल द्वारा जारी किया गया है, जिसमें भारत के हैदराबाद को प्रथम स्थान पर रखा है। इसे साइबर सिटी के नाम से भी जाना जाता है। इस सूची में भारत के सात शहर शामिल हैं, जिसमें आईटी सिटी बेंगलुरु दूसरे स्थान पर है। वहीं, तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई को पांचवा और भारत की राजधानी नई दिल्ली को छठा स्थान हासिल हुआ है। सामाजिक और आर्थिक विकास जैसे मानदंडों पर हैदराबाद का प्रदर्शन दुनिया के अन्य शहरों से बेहतर इस सूची में बताया गया है।
- इसी सूची में पिछले साल हैदराबाद को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ था, जबकि बेंगलुरु तब इस सूची में शीर्ष पर था। सूची में भारत के पुणे को 12वां, कोलकाता को 16वां और भारत की आर्थिक राजधानी के नाम से जानी जाने वाली मुंबई को भी 20वां स्थान हासिल हुआ है।