साप्ताहिक करेंट अफेयर्स- 18 से 24 नवंबर 2019

2684
current affairs in Hindi


फिर से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने देवेंद्र फडणवीस

  • लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए भारतीय जनता पार्टी के देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलवाई है। साथ में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अजीत पवार को राज्यपाल ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई है।
  • महाराष्ट्र में हाल ही में 288 विधानसभा सीटों के लिए विधानसभा चुनाव हुए थे, जिनमें भाजपा को 105, शिवसेना को 56, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिली थीं। किसी भी दल को बहुमत न होने की स्थिति में राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था, मगर NCP नेता अजीत पवार के भाजपा को समर्थन के ऐलान के बाद फडणवीस को मुख्यमंत्री पद की शपथ राज्यपाल ने दिला दी। अब 30 नवंबर को विधानसभा में वर्तमान सरकार को बहुमत साबित करना होगा। बहुमत के लिए 145 सीटों की आवश्यकता पड़ेगी।

नहीं रहे मध्य प्रदेश के पहले गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री कैलाश जोशी

  • मध्य प्रदेश के पहले गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री कैलाश जोशी का 91 साल की आयु में भोपाल में 24 नवंबर, 2019 को निधन हो गया। 14 जुलाई, 1929 को मध्य प्रदेश के ही देवास जिले में जन्मे और 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना के बाद से ही इसकी सदस्यता ग्रहण करने वाले कैलाश जोशी 1977 में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री जनता पार्टी के राज्य में 320 में से 231 सीटें जीतने के बाद बने थे।
  • जोशी ने 1972 से 1977 तक नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेवारी संभाली थी और बागली सीट से 1962 से लगातार सात बार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। जोशी ने 2004 में भोपाल से लोकसभा चुनाव जीता था और 2009 में भी उन्हें यहां से जीत हासिल हुई थी।

Pink Ball से खेले गये Day-Night टेस्ट मैच को जीतकर भारत ने 2-0 से अपने नाम की Series

  • कोलकाता के Eden Gardens में Pink Ball से खेले गये ऐतिहासिक Day Night Test Match में केवल तीन दिनों में ही बांग्लादेश को पारी और 46 रनों से हराकर कप्तान विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया। Man of the Match और Man of the Series का खिताब भारत के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को मिला।
  • इस जीत के साथ ही टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारतीय टीम ऐसी पहली टीम बन गई, जिसने लगतार 4 टेस्ट मैच पारी से जीते हों। इस मैच में कप्तान विराट कोहली ने शानदार शतक (136 रन) भी लगाया। सीरीज के पहले टेस्ट मैच को भारत ने इंदौर में पारी और 130 रनों से जीता था।

अनुभवी अभिनेत्री शौकत कैफी का इंतकाल

  • शबाना आजमी की मां और अनुभवी अभिनेत्री शौकत कैफी ने 91 वर्ष की आयु में मुंबई में 23 नवंबर, 2019 को अंतिम सांस ली। वह एक मशहूर थियेटर आर्टिस्ट भी रही थीं। इंडियन पीपल थियेटर एसोसिएशन एवं प्रोग्रेसिव राइटर्स एसोसिएशन से शौकत कैफी का अपने पति व मशहूर उर्दू कवि कैफी आजमी के साथ लंबे अरसे तक जुड़ाव रहा था।
  • उमराव जान, गरम हवा, बाजार और सलाम बॉम्बे फिल्मों में उन्होंने अभिनय किया था। शौकत कैफी की आखिरी फिल्म शाद अली की साथिया थी, जिसमें उन्होंने बुआ की भूमिका निभाई थी। एक ऑटोबायोग्राफी भी उन्होंने 2002 में अपने पति कैफी आजमी के गुजरने के बाद लिखा था, जिसका ‘कैफी और मैं’ नामक नाटक के रूप में 2006 में मुंबई में मंचन भी किया गया था।

ग्रेटा थनबर्ग और डिवीना मेलौम को मिला अंतर्राष्ट्रीय बाल शांति पुरस्कार

  • स्वीडन की 16-वर्षीया युवा पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग को 2019 के अंतर्राष्ट्रीय बाल शांति पुरस्कार से नवाजा गया है। पर्यावरण संरक्षण के लिए उनके संघर्ष के एवज में उन्हें इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वहीं, कैमरून की शांति कार्यकर्ता मेलौम को यह पुरस्कार जिहादी समूह बोको हराम के विरुद्ध शांतिपूर्ण संघर्ष के लिए प्रदान किया गया है। ग्रेटा ने स्कूल स्ट्राइक फॉर क्लाइमेट नामक मूवमेंट की शुरुआत पिछले साल की थी, जब स्वीडिश संसद के सामने अकेले विरोध-प्रदर्शन करके उन्होंने जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लड़ने के लिए स्टूडेंट्स को प्रेरित किया था।
  • ग्रेटा के इस कदम के बाद दिसंबर, 2018 तक दुनियाभर के 270 शहरों में 20 हजार से भी अधिक स्कूलों में स्टूडेंट्स ने जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए कार्बन उत्सर्जन को कम करने सहित अन्य ठोस कदम उठाने को लेकर हड़ताल की थी।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री बने महिंद्रा राजपक्षे

  • रानिल विक्रमसिंघे के इस्तीफा देने के बाद महिंद्रा राजपक्षे ने श्रीलंका के नये प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। प्रधानमंत्री पद के लिए उन्हें नामित श्रीलंका के नये राष्ट्रपति और महिंद्रा राजपक्षे के छोटे भाई गोताबाया राजपक्षे ने किया था। श्रीलंका के इतिहास में यह पहला ऐसा मौका है, जब एक भाई राष्ट्रपति तो दूसरा प्रधानमंत्री है।
  • वर्ष 2005 से 2015 तक महिंद्रा राजपक्षे श्रीलंका के राष्ट्रपति भी रह चुके हैं। गोताबाया उस वक्त देश के रक्षा विभाग की जिम्मेवारी संभाल रहे थे। महिंद्रा राजपक्षे पेशे से वकील हैं। पहली बार 1970 में उनका श्रीलंका की संसद के लिए चुनाव हुआ था और इससे पहले भी वे दो बार देश के प्रधानमंत्री रह चुके हैं।

सर डेविड एटनबरो को मिला 2019 का इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार

  • इंदिरा गांधी मेमोरिल ट्रस्ट की ओर से वर्ष 2019 का इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार के लिए प्रकृति प्रेमी और ब्रॉडकास्टर सर डेविड एटनबरो को प्रदान किया गया है। शांति, निरस्त्रीकरण और विकास के लिए दिये जाने वाले इस पुरस्कार के लिए एटनबरो का चयन पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता वाले अंतर्राष्ट्रीय जूरी ने किया है।
  • एटनबरो को मॉर्डन नेचर डॉक्यूमेंट्री का पितामह भी कहा जाए तो गलत नहीं होगा। आयरन लेडी के नाम से मशहूर भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार वर्ष 1986 से ही प्रदान किया जाता रहा है।

दार्जिलिंग ग्रीन और व्हाइट टी को प्रदान किया गया GI Tag

  • दार्जिलिंग चाय की दो वैरायटी ग्रीन टी और व्हाइट टी को भौगोलिक संकेत (GI Tag) प्रदान कर दिया गया है। दार्जिलिंग टी एसोसिएशन की ओर से यह जानकारी दी गई है। भौगोलिक संकेत (माल पंजीकरण और संरक्षण) अधिनियम 1999 के तहत दोनों वैरायटी पंजीकृत की गई हैं।
  • अक्टूबर 2019 से GI Tag प्रभावी भी हो गया है। टी बोर्ड की ओर से दिसंबर 2017 में इसके लिए आवेदन किया गया था। दार्जिलिंग चाय का वार्षिक उत्पादन 85 लाख किलोग्राम का है और इनमें 10 लाख किलोग्राम हिस्सा ग्रीन टी का, जबकि एक लाख किलोग्राम हिस्सा व्हाइट टी का है।

टायफाइड से लड़ने के लिए टीका पेश करने वाला पहला देश बना पाकिस्तान

  • पाकिस्तान की ओर से अपने राष्ट्रीय प्रतिरक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत Typhoid Conjugate Vaccine (TCV) विकसित किया गया है, जिसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी अनुशंसित किया है।  इस तरह का टीका विकसित करने वाला पाकिस्तान दुनिया का पहला देश बन गया है। शुरुआत में 30 नवंबर तक सिंध के शहरी इलाके में टीकाकरण अभियान के दौरान इसे इस्तेमाल में लाया जा रहा है, जो 18 नवंबर को शुरू हो चुका है।
  • TCV को मांसपेशियों में लगाया जाता है और यह खुराक वाला टीका है। हैदराबाद के भारत बायोटेक ने इस अभियान के लिए 1.2 करोड़ खुराक की आपूर्ति की है। व्यस्कों के साथ बच्चों और नौ माह के शिशु को भी ये टीका लगाने से उनका टायफाइड से बचाव हो पायेगा।

Leave a Reply !!

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.