साप्ताहिक करेंट अफेयर्स- 7 से 13 अक्टूबर 2019

3237
current affairs in Hindi


विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत की मैरीकॉम को मिला कांस्य पदक

  • 6 बार की विश्व चैंपियन भारत की मैरीकॉम को विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल हुआ है। मैरीकॉम को अपने सेमीफाइनल मुकाबले में तुर्की की मुक्केबाज के हाथों हार का सामना करना पड़ा, जिस वजह से उनके स्वर्ण या रजत पदक जीतने की उम्मीदों पर पानी फिर गया। हालांकि, यह पदक जीतने के बाद मैरीकॉम ने विश्व चैंपियनशिप में सर्वाधिक पदक अपने नाम करने की उपलब्धि हासिल कर ली है।
  • मैरीकॉम को वर्ष 2012 में लंदन ओलिंपिक में भी कांस्य पदक हासिल हुआ था और उनकी जिंदगी पर बायोपिक भी बन चुकी है, जिसमें बाॅलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने उनकी भूमिका अदा की थी। साथ ही 26 अप्रैल, 2016 को मैरीकॉम को राष्ट्रपति की ओर से राज्यसभा के लिए भी मनोनीत किया गया था।

शुरू हुई गंगा डॉल्फिन की जनगणना

  • भारत में कितने गंगा डॉल्फिन हैं, इसकी जनगणना की शुरुआत हो गई है। उत्तर प्रदेश के वन विभाग के साथ संयुक्त रूप से वर्ल्ड वाइड फण्ड फॉर नेचर-इंडिया की ओर से इसे संचालित किया जा रहा है। हस्तिनापुर वन्य जीव अभ्यारण्य से नरोरा रामसर स्थल के बीच के लगभग ढाई सौ किलोमीटर के इलाके में यह जनगणना हो रही है।
  • दुनिया की ताजे पानी में पाई जाने वाली डॉल्फिन की चार प्रजातियों में से गंगा डाॅल्फिन एक है, जिसका वैज्ञानिक नाम प्लाटानिस्टा गंगेटिका है। यह मछली आंशिक रूप से ही देख सकती है और अल्ट्रासोनिक ध्वनि की मदद से अपने शिकार को तलाशती है। गंगेटिक रिवर डॉल्फिन को भारत के राष्ट्रीय जलीय पशु का भी दर्जा प्राप्त है।

मुकेश अंबानी फोर्ब्स इंडिया रिच लिस्ट 2019 में शीर्ष पर

  • रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को फोर्ब्स इंडिया की ओर से जारी ‘फोर्ब्स इंडिया रिच लिस्ट 2019’ में शीर्ष पर रखा गया है। बीते 12 वर्षों से शीर्ष पर रहते हुए मुकेश अंबानी इस सूची के साथ भारत के सबसे धनी व्यक्ति बने हुए हैं। इस सूची में मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 51.4 अरब डॉलर की बताई गई है।
  • सूची में दूसरे स्थान पर 15.7 अरब डॉलर की कुल संपत्ति वाले गौतम अदानी एवं 15.6 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ हिंदूजा ब्रदर्स तीसरे स्थान पर हैं। सूची में चौथा स्थान 15 अरब डॉलर की कुल संपत्ति वाले पल्लोंनजी मिस्त्री और पांचवा स्थान 14.8 अरब डॉलर की कुल संपत्ति वाले उदय कोटक को मिला है।

टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक दोहरा शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बने विराट कोहली

  • भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में अपने कॅरियर का सातवां दोहरा शतक जड़ने के बाद टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक दोहरा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गये हैं। इस मैच में कोहली ने 336 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 254 रन बनाये।
  • इससे पहले सचिन तेंडुलकर और वीरेंद्र सहवाग के नाम टेस्ट क्रिकेट में 6-6 दोहरा शतक जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज था। टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक दोहरा शतक जमाने का रिकॉर्ड महान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डाॅन ब्रैडमैन के नाम दर्ज है, जिन्होंने 12 दोहरे शतक लगाये थे। इनके बाद दूसरे नंबर 11 शतकों के साथ कुमार संगकारा और 9 शतकों के साथ ब्रायन लारा हैं।

अबी अहमद अली, ओल्गा तोकार्चुक, एफजेए पीब्लस और जॉन बी गुडएनफ को 2019 का नोबेल पुरस्कार दिये जाने की घोषणा

  • इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली को अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एवं शत्रु देश इरीट्रिया के साथ शांति स्थापित करने के प्रयासों हेतु वर्ष 2019 का शांति का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया है। शांति का नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने वाले अबी अहमद बली 100वें व्यक्ति हैं। अबी को इथियोपिया के नेल्सन मंडेला के नाम से भी जाना जाता है।
  • 76 वर्षीय ऑस्ट्रियाई उपन्यासकार पीटर हैंडका को वर्ष 2019 का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। साथ ही वर्ष 2018 का जो साहित्य का नोबेल पुरस्कार नहीं दिया गया था, वर्ष 2019 के ही साहित्य के नोबेल पुरस्कार के साथ यह पुरस्कार जीवन की परिधियों से परे एक कथात्मक परिकल्पना के लिए 57 वर्षीय पोलिश लेखक ओल्गा तोकार्चुक कोप्रदान किया गया है।
  • ब्रह्मांड संरचना पर नया सिद्धांत प्रस्तुत करने के लिए स्विटजरलैंड के एफजेए पीबल्स को 2019 का भौतिकी का नोबेल पुरस्कार दिया जायेगा। वहीं, लिथियम ऑयन बैट्री को विकसित करने के लिए वर्ष 2019 का रसायन का नोबेल पुरस्कार जॉन बी गुडएनफ को दिये जाने की घोषणा की गई है। स्वीडिश एकेडमी की ओर से यह पुरस्कार अल्फ्रेड नोबेल की याद में दिया जाता है।

लांच हुई सुरक्षित मातृत्व आश्वासन योजना

  • गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क दवाएं प्रदान करने और देश में मातृत्व मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन की ओर से सुरक्षित मातृत्व आश्वासन योजना को जारी किया गया है, जो कि सुमन योजना के नाम से भी जानी जा रही है।
  • इस योजना के तहत महिलाओं को न्यूनतम चार अंटे-नेटल चेकअप, एक चेकअप पहली तिमाही के दौरान, टिटनेस डिप्थेरिया टीका, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत एक चेकअप, गर्भावस्था के दौरान जटिलताओं की वजह से सी-सेक्शन की मुफ्त सुविधा, आयरन फोलिक एसिड सप्लीमेंटेशन एवं घर से अस्पताल तक निःशुल्क परिवहन की सुविधा मिलेगी।

मछुआरों के लिए लांच हुई GEMINI डिवाइस

  • आपदा के बारे में चेतावनी देकर मछुआरों को सतर्क करने वाली जैमिनी डिवाइस को भारत सरकार की ओर से लांच किया गया है। यह डिवाइस समुद्र तट से 10 से 12 किमी दूर तक समुद्र में गये मछुआरों को आपदा की जानकारी दे सकती है। जैमिनी का पूरा नाम Gagan Enabled Mariner’s Instrument for Navigation and Information है।
  • GPS Aided Geo Augmented Navigation को GAGAN के नाम से जाना जाता है। ऑस्ट्रेलिया से लेकर अफ्रीका तक के पूरे इलाके गगन के क्षेत्र में आते हैं। साथ ही भारतीय इलाकों के ऊपर भी गगन आयनमंडल का अध्ययन करता है।

खोजे गये शनि ग्रह के 20 नये चंद्रमा

  • शनि ग्रह के 20 और नये चंद्रमा की खोज कर ली गई है, जिससे इसके चंद्रमा की संख्या अब बढ़कर 82 हो गई है। इस तरह से सौरमंडल में अब शनि सबसे अधिक चंद्रमा वाला ग्रह बन गया है। इससे पहले यह बृहस्पति हुआ करता था, जिसके चंद्रमा की संख्या 79 थी। हवाई के मौना किआ ज्वालामुखी में लगाये गये सुबरू टेलीस्कोप ने शनि ग्रह के इन चंद्रमा की खोज की है।
  • खोजे गये चंद्रमा बेहद छोटे आकार के हैं। शनि के 82 में से 17 चंद्रमा उल्टी दिशा में घूमते हैं। शनि की एक परिक्रमा पूरी करने में इन चंद्रमा को तीन वर्षों का समय लगता है।

भारत को मिला पहला राफेल लड़ाकू विमान

  • पहला राफेल लड़ाकू विमान ने फ्रांस ने भारत को सौंप दिया है। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस जाकर वहां भारत का पहला राफेल लड़ाकू विमान सौंपे जाने के दौरान शस्त्र पूजा की। भारत को राफेल भारतीय वायुसेना दिवस यानी कि 8 अक्टूबर को सौंपा गया।
  • राफेल के एक-एक स्क्वाड्रन हरियाणा के अंबाला और पश्चिम बंगाल के हाशिमारा एयरबेस में तैनात किये जायेंगे। फ्रांस की सरकार और दसौल्ट एविएशन के साथ भारत ने सितंबर, 2016 में 7.8 अरब यूरो के 36 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के सौदे पर हस्ताक्षर किये थे। भारत को सभी राफेल लड़ाकू विमानों की डिलीवरी सौदे पर हस्ताक्षर के 67 महीनों के अंदर मिल जायेगी।

Leave a Reply !!

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.