साप्ताहिक करेंट अफेयर्स- 23 से 29 सितंबर 2019

2933
current affairs in Hindi


Chiefs of Staff Committee के चेयरमैन बने जनरल बिपिन रावत

  • वायुसेना के एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ की जगह पर Chiefs of Staff Committee के चेयरमैन की जिम्मेदारी अब थल सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत को दे दी गई है। धनोआ 30 सितंबर, 2019 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। बीते 31 मई को धनोआ को Chiefs of Staff Committee के चेयरमैन की जिम्मेदारी मिली थी। तीनों सेना में जो सबसे वरिष्ठ होते हैं, उन्हें ही यह जिम्मेदारी मिलती है। इस नाते जनरल बिपिन रावत को यह जिम्मेदारी मिल रही है।
  • Chiefs of Staff Committee के चेयरमैन का काम होता है तीनों सेना यानी कि थल सेना, वायु सेना और जल सेना के समन्वय स्थापित करना। बीते स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से Chief of Defense Staff के पद के सृजन की घोषणा की गई थी, जिसकी जिम्मेदारी तीनों सेना के बीच समन्वय स्थापित करने की होगी। यह प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री के लिए सैन्य सलाहाकार के रूप में भी काम करेगा।

भारतीय वायुसेना के नये उप प्रमुख नियुक्त किये गये एयर मार्शल एचएस अरोड़ा

  • राकेश कुमार सिंह भदौरिया, जो कि 30 सितंबर को वायुसेना के प्रमुख की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं, उनकी जगह अब एयर मार्शल एचएस अरोड़ा को भारतीय वायुसेना का नया उप प्रमुख नियुक्त कर दिया गया है। भारतीय वायुसेना में लड़ाकू पायलूट के तौर पर दिसंबर, 1981 में कमीशन हुए अरोड़ा के पास मिग 29 और मिग 21 जैसे हेलिकॉप्टर को उड़ाने का भी अच्छा-खासा अनुभव है।
  • एयर मार्शल एचएस अरोड़ा को वर्ष 2011 में राष्ट्रपति ने अति विशिष्ट सेवा मेडल पहनाकर सम्मानित किया था। थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में भारतीय दूतावास में अरोड़ा वर्ष 2006 से 2009 तक डिफेंस अत्ताशे भी रहे हैं।

JNU और IIT दिल्ली के बीच सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर

  • देश के प्रतिष्ठित जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), दिल्ली के बीच शोध, शिक्षा और तकनीकी विकास को गति देने के उद्देश्य से एक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर हुआ है। दोनों मिलकर Joint Venture की शुरुआत करने वाले हैं, जिससे आपदा अनुसंधान के साथ देश के उत्तर पूर्वी इलाकों का अच्छी तरह से अध्ययन करके सरकारी नीतियों के निर्माण में मदद की जा सकेगी।
  • JNU की ओर से Special Centre for North-Eastern Studies और Special Centre for Disaster Research की स्थापना पहले ही की जा चुकी है। IIT, दिल्ली हौज खास में स्थित है और इसके चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला हैं।

लांच हुआ ‘कृषि किसान’ मोबाइल एप्प

  • किसानों को खेती की नई तकनीकों, बीजों के भंडार और मौसम से संबंधित जरूरी जानकारी समय रहते उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र तोमर की ओर से ‘कृषि किसान नामक एक मोबाइल एप्प जारी किया गया है। गूगल प्ले स्टोर से यह एप्प नि:शुल्क डाउनलोड किया जा सकता है।
  • जियो फेसिंग ओर जियो टैगिंग में भी यह एप्प किसानों की मदद करेगा। किसानों को इसके जरिये अपने सबसे करीबी बीज भंडार की जानकारी हासिल हो सकेगी। साथ ही उन्हें खेती की नई तकनीकों के बारे में भी अवगत कराया जायेगा।

‘TB हारेगा देश जीतेगा’ अभियान का आगाज

  • संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से वर्ष 2030 तक TB को जड़ से मिटाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, उसे हासिल करने में अपना योगदान देने और देश से TB को पूरी तरह से समाप्त करने के उद्देश्य से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन की ओर से ‘TB हारेगा देश जीतेगा’ अभियान की शुरुआत बीते 25 सितंबर को की गई है।
  • इसके तहत सरकारी और निजी अस्पतालों में TB के मरीजों के लिए निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करने के लिए जागरुकता फैलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। भारत ने वर्ष 2025 तक TB को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया है। Tuberculosis, जिसे कि क्षय रोग के नाम से भी जानते हैं, यह दरअसल एक संक्रामक रोग है, जो mycobacterium tuberculosis नाम के बैक्टीरिया की चपेट में आने से होता है।

केंद्र सरकार ने की ‘सरदार पटेल पुरस्कार’ की स्थापना

  • केंद्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बढ़ावा देने के लिए सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘सरदार पटेल पुरस्कार’ की स्थापना की गई है, जो पहली बार आगामी 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर एकता दिवस के अवसर पर प्रदान किया जायेगा। इसके तहत एक वर्ष में अधिकतम तीन लोगों को यह पुरस्कार प्रदान किया जा सकेगा।
  • सरदार वल्लभभाई पटेल देश के पहले गृह मंत्री थे, जिन्हें देश की रियासतों को एक करके देश को एकजुट करने का श्रेय जाता है। पटेल एक महान स्वतंत्रता सेनानी और देश के पहले उप प्रधानमंत्री भी थे।

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष की नयी प्रमुख नियुक्त हुईं क्रिस्तालिना जोर्जियेवा

  • क्रिस्तालिना जोर्जियेवा, जो कि बुल्गारिया की प्रख्यात अर्थशास्त्री हैं, क्रिस्टीन लेगार्ड की जगह वे अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के नये प्रबंध निदेशक का पद संभाल चुकी हैं। जोर्जियेवा पहली ऐसी शख्स हैं, जिन्हें एक उभरती हुई अर्थव्यवस्था वाले देश से होने पर भी यह गौरवमयी उपलब्धि हासिल हुई है।
  • क्रिस्टीन लेगार्ड ने 5 जुलाई, 2011 से 12 सितंबर, 2019 तक IMF के प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली थी। वैश्विक स्तर पर आर्थिक सहयोग, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार एवं आर्थिक सुदृढ़ता पर बल देने वाले IMF की स्थापना 27 दिसंबर, 1945 को हुई थी, जिसके वर्तमान में 189 सदस्य देश हैं।

नहीं रहे प्रख्यात तेलुगू अभिनेता वेणु माधव

  • महज 53 वर्ष की उम्र में लीवर और किडनी की बीमारी की वजह से लंबे अरसे से संघर्ष करने के बाद प्रख्यात तेलुगू अभिनेता और कॉमेडियन वेणु माधव का निधन हो गया है। वेणु माधव ने अपने फिल्मी कॅरियर में 600 से भी अधिक फिल्मों में अभिनय किया था।
  • तेलंगाना के नालगोंडा में जन्मे वेणु माधव की प्रमुख फिल्में वासु, भागीरथ, अभिमन्यु, संक्रांति, संप्रदायम, युद्धम, थोली प्रेमा, मास्टर, वेकी, आर्य, जय चिरंजीव और छत्रपति आदि रहे हैं।

संयुक्त राष्ट्र संघ के मुख्यालय में गांधी सोलर पार्क का उद्घाटन

  • भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ के न्यूयॉर्क स्थित मुख्यालय में 50 किलोवाट वाले ‘गांधी सोलर पार्क’ का उद्घाटन किया है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में यह उद्घाटन किया गया। साथ ही गांधी जी की स्मृति में इस दौरान एक विशेष डाक टिकट भी जारी किया गया है।
  • भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र संघ के मुख्यालय की छत पर सोलर पैनल की स्थापना के लिए 1 मिलियन डॉलर की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। मुख्यालय की छत पर जो 193 सोलर पैनल लगाये गये हैं, उनमें से हर एक पैनल 193 सदस्य देशों का प्रतिनिधित्व करता है।

अमिताभ बच्चन को ‘दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2019’ देने की घोषणा

  • सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को सिनेमा के क्षेत्र में दिये जाने वाले सर्वोच्च सम्मान वर्ष 2019 के दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किये जाने की घोषणा की गई है। वर्ष 1969 में ‘सात हिंदुस्तानी’ फिल्म से अपने फिल्मी कॅरियर की शुरुआत करने वाले अमिताभ बच्चन को 1984 में पद्मश्री, 2001 में पद्मभूषण और 2015 में पद्म विभूषण पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है।
  • दादासाहेब फाल्के पुरस्कार के तहत 10 लाख रुपये के साथ स्वर्ण कमल प्रदान किया जाता है और वर्ष 1969 में इसकी शुरुआत के बाद भारत में सबसे पहले यह पुरस्कार देविका रानी को प्रदान किया गया था।

Leave a Reply !!

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.