साप्ताहिक करेंट अफेयर्स- 2 से 8 सितंबर 2019

3084
weekly current affairs in Hindi


साप्ताहिक करेंट अफेयर्स- 2 से 8 सितंबर 2019  (Weekly Current Affairs in Hindi from 2nd to 8th September 2019)

टेस्ट क्रिकेट के सबसे युवा कप्तान बने अफगानिस्तान के राशिद खान

  • राशिद खान अफगानिस्तान के हरफनमौला क्रिकेटर हैं, जो कि स्पिन गेंदबाजी के लिए तो जाने ही जाते हैं, मगर साथ में बल्ले से भी अपना दमखम दिखाने के लिए भी जाने जाते हैं। केवल 20 वर्ष और 350 दिनों की उम्र में वे टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में किसी टेस्ट टीम की कप्तानी करने वाले सबसे युवा कप्तान बन गये हैं।
  • राशिद खान से पूर्व टेस्ट क्रिकेट में सबसे युवा कप्तान बनने का गौरव जिंबाब्वे के तातेंदा ताइबू को मिला था, जिन्होंने कि 20 वर्ष 358 दिनों की आयु में अपने देश की क्रिकेट टीम की कप्तानी संभाली थी।
  • वर्ष 2017 में टेस्ट टीम का दर्जा प्राप्त करने वाले अफगानिस्तान के लिए 2018 में राशिद खान ने स्काॅटलैंड के खिलाफ विश्व कप क्वालीफायर मैच में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे युवा कप्तान बनने का भी गौरव हासिल किया था।

नहीं रहे अनुभवी वकील और पूर्व कानून मंत्री राम जेठमलानी

  • भारत के नामचीन क्रिमिनल वकील राम जेठ मलानी का 8 सितंबर, 2019 को 95 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। आगामी 14 सितंबर को राम जेठमलानी अपना 96वां जन्मदिन मनाने वाले थे, मगर उससे पहले ही भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल की ओर से राज्यसभा सांसद भी रह चुके राम जेठमलानी ने अपनी आंखें हमेशा के लिए मूंद ली।
  • राम जेठमनाली विशेषकर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के आरोपितों का केस लड़ने और हर्षद मेहता का भी केस लड़ने के बाद सुर्खियों में आ गये थे। जेठमलानी ने चारा घोटाले में आरोपित लालू प्रसाद यादव और संसद पर हमले के आरोपी अफजल गुरु तक का केस लड़ा था।
  • वे दो बार मुंबई से लोकसभा सांसद भी रहे थे। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में उन्हें शहरी विकास मंत्री और कानून मंत्री की जिम्मेवारी दी गई थी।

‘लैंप ऑफ़ पीस ऑफ़ सेंट फ्रांसिस’ अवार्ड से सम्मानित हुए प्रो मुहम्मद युनूस

  • बांग्लादेश के नोबेल पुरस्कार विजेता सामाजिक उद्यमी और अर्थशास्त्री प्रो मुहम्मद युनूस को वेटिकन सिटी की ओर से शांति व सद्भावना के प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिष्ठित ‘लैंप ऑफ़ पीस ऑफ़ सेंट फ्रांसिस’ पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है।
  • वर्ष 2008 में शांति का नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रो मुहम्मद युनूस को ग्रामीण बैंकों की स्थापना के साथ सूक्ष्म साख एवं सूक्ष्म वित्त की परिकल्पना को प्रोत्साहित करने के लिए जाना जाता है।
  • पहली बार ‘लैंप ऑफ़ पीस ऑफ़ सेंट फ्रांसिस’ पुरस्कार वर्ष 1981 में पोलिश व्यापार संघ के नेता लेच वालेस को प्राप्त हुआ था। मदर टेरेसा, पोप जॉन पॉल द्वितीय, दलाई लामा और मिखाइल गोर्बाचेव जैसी चर्चित हस्तियों को भी यह पुरस्कार देकर सम्मानित किया जा चुका है।

चंद्रयान-2 लैंडर ‘विक्रम’ से टूट गया इसरो का संपर्क

  • भारतय के बेहद महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट मिशन चंद्रयान-2 को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब चंद्रमा की सतह को छूने से केवल 2.1 किलोमीटर पहले इसके लैंडर ‘विक्रम’ से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का धरती पर स्थित स्टेशन से संपर्क टूट गया।
  • हालांकि लैंडर विक्रम को चंद्रमा की सतह पर देखे जाने का इसरो के प्रमुख के. सिवन की ओर से मीडिया में दावा किया गया है। उन्होंने बताया है कि चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर ने इसे ढूंढ़ निकाला है और उम्मीद है कि जल्द ही लैंडर ‘विक्रम’ से दोबारा संपर्क स्थापित कर लिया जायेगा।
  • वर्ष 2008 में भारत ने मिशन चंद्रयान लांच किया था, जिसके सफल रहने के बाद भारत ने इस वर्ष मिशन चंद्रयान-2 को इसके उन्नत संस्करण के रूप में लांच किया है। लैंडर से संपर्क टूटने के बाद चंद्रयान-2 का ऑर्बिटर अपनी कक्षा में पूरी तरह से स्थापित होकर चंद्रमा की परिक्रमा करके इसकी तस्वीरें उपलब्ध करा रहा है।  यह सात वर्षों तक चंद्रमा की सतह पर मौजूद खनिज व अन्य तत्वों की जानकारी उपलब्ध कराता रहेगा।

ब्रेकथ्रू पुरस्कार से सम्मानित होंगी ब्लैकहोल की पहली तस्वीर लेने वाली वैज्ञानिकों की टीम

  • वैज्ञानिकों की जिस टीम ने ब्लैक होल की पहली बार तस्वीर ली है, उसे विज्ञान के क्षेत्र में ऑस्कर पुरस्कार के समकक्ष माने जाने वाले ब्रेकथ्रू पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। इसके तहत 3 मिलियन डाॅलर की इनामी राशि प्रदान की जाती है।
  • वैज्ञानिकों की टीम में 347 वैज्ञानिक शामिल हैं। वर्ष 2012 में वैज्ञानिकों की टीम ने इवेंट होराइजन टेलीस्कोप प्रोजेक्ट के तहत इस पर काम करना शुरू किया था और हाल में वे ब्लैक होल की पहली तस्वीर निकाल पाने में कामयाब हुए थे।
  • ब्लैक होल दरअसल एक बेहद रहस्यमयी और ताकतवर गुरुत्वाकर्षण बल से युक्त एक ऐसा खगोलीय क्षेत्र है, जिससे प्रकाश भी खुद को नहीं बचा पाता है। वैज्ञानिकों ने मेसियर 87 यानी कि एम87 गैलेक्सी के केंद्र में स्थित ब्लैक होल की तस्वीर निकाली है।

जिंबाब्वे के पूर्व राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे का 95 वर्ष की उम्र में निधन

  • दो दशक यानी कि 31 दिसंबर, 1987 से 21 नवंबर, 2017 तक जिंबाब्वे के राष्ट्रपति के रूप में सेवा देने वाले जिंबाब्वे के पूर्व राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे का 95 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है।
  • जिंबाब्वे की राजधानी हरारे है। यूनाइटेड किंगडम से इसने 11 नवंबर, 1965 को अपनी आजादी की घोषणा की थी और 18 अप्रैल, 1980 को यह गणतंत्र के रूप में स्थापित हुआ था। मुगाबे को देश का दूसरा राष्ट्रपति बनने का गौरव हासिल हुआ था।

टेस्ट में सबसे सफल भारतीय कप्तान बने विराट कोहली

  • भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली अब टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सफलतम भारतीय कप्तान बन गये हैं। इससे पहले यह कीर्तिमान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम था, जिन्होंने 60 टेस्ट मैचों में भारत को 27 मैचों में जीत दिलाई थी।
  • विराट कोहली ने 48 टेस्ट मैचों में भारत को 28 मैचों में जीत दिलाई है, जिसके बाद वे टेस्ट क्रिकेट में धोनी के बाद सबसे कामयाब भारतीय कप्तान बन गये हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में कोहली को यह उपलब्धि हासिल हुई।

विश्व निर्वाचन निकाय संघ (AWEB) के चेयरमैन चुने गये भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा

  • राजस्थान कैडर के 1980 बैच के आईएएस अधिकारी भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा को दो वर्षों के लिए विश्व निर्वाचन निकाय संघ का अध्यक्ष दो वर्षों के लिए चुना गया है। साथ ही दो वर्षों के लिए रोमानिया से लेकर भारत को इसके अध्यक्ष का पद सौंप गया है।
  • भारतीय चुनाव आयोग के पास अब दो वर्षों के लिए AWEB का झंडा आ गया है। वर्ष 2017 में रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में भारत AWEB का उपाध्यक्ष बना था। अरोड़ा पूर्व में केंद्र में कौशल विकास सचिव के तौर पर भी सेवा दे चुके हैं।

मेघालय में शुरू हुआ ‘वाक टू वर्क ऑन वेडनेसडेज’

  • फिट इंडिया अभियान के तहत कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने और ट्रैफिक कम करके लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मेघालय सरकार की ओर से ‘वाक टू वर्क ऑन वेडनेसडेज’ नामक पहल शुरू की गई है, जिसमें लोग बुधवार को अपने काम पर पैदल चलकर जाएंगे।
  • 29 अगस्त, 2019 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत की है, जिसका लक्ष्य लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरुक बनाने के साथ योग व व्यायाम करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करना भी है।

Leave a Reply !!

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.