साप्ताहिक करेंट अफेयर्स- 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2019

3195
current affairs in Hindi


दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बना कानपुर

  • पेंगुइन रैंडम हाउस की ओर से हर साल प्रकाशित किये जाने वाले गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स के नवीनतम संस्करण में बताया गया है कि कानपुर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। भारतीयों की ओर से इस पुस्तक इस साल 80 रिकॉर्ड दर्ज किये गये हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कानपुर को दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर माना है, क्योंकि WHO द्वारा निर्धारित PM 2.5 के अधिकतम स्तर 10 माइक्रोग्राम/घन मीटर से 17 गुणा अधिक वर्ष 2016 में यहां PM 2.5 का स्तर 173 माइक्रोग्राम/घन मीटर पाया गया था।
  • PM दरअसल पार्टिकुलेट मैटर है, जो मुख्य रूप से जीवाश्म ईंधनों की वजह से बढ़ता है और इसके कण का व्यास 2.5 माइक्रोमीटर से कम होता है। कानपुर उत्तर प्रदेश का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक शहर है।

चंद्रमा के बाह्यमंडल में चंद्रयान-2 ने की आर्गन 40 की खोज

  • चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर में लगे हुए एक पेलोड CHACE-20 (Chandra’s Atmospheric Composition Explorer 2) ने चंद्रमा के बाह्यमंडल में आर्गन 40 को ढूंढ़ निकाला है। पोटेशियम-40 के रेडियोसक्रिय विखंडन से पैदा होने वाला आर्गन 40 एक आइसोटोप है और इसरो की ओर से इसके चंद्रमा के बाह्यमंडल में पहुंचने की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला गया है। जिस CHACE-20 ने इसे खोजा है, वह दरअसल एक न्यूट्रल गैस स्पेक्ट्रोमीटर है।
  • चंद्रमा में रात के वक्त जो बाह्यमंडल में गैस संघनित हो जाती है, 100 किमी की ऊंचाई से इस उपकरण को उस आर्गन 40 का पता लगाने में कामयाबी मिली है। GSLV Mk III से लांच किया गया चंद्रयान-2 वर्ष 2008 में लांच किये गये मिशन चंद्रयान का ही उन्नत संस्करण है।

सबसे ज्यादा दीप जलाने का अयोध्या में बना विश्व रिकॉर्ड

  • उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सरयू नदी के तट पर बीते 26 अक्टूबर को मिट्टी के 4 लाख दीये एक साथ जलाये गये, जिससे विश्व रिकॉर्ड बन गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन तीसरी बार किया गया और यह इन तीनों में सबसे विशाल कार्यक्रम साबित हुआ। बीते वर्ष भी यहां दीपोत्सव के दौरान 3 लाख मिट्टी के दीये जलाये गये थे।
  • वर्ष 1955 में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड शुरू हुआ था। सरयू नदी का उद्गम कर्णाली और महाकाली नदियों के संगम पर होता है और यह दो राज्यों उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में बहती है। आध्यात्मिक महत्व वाली और रामायण में वर्णन पाने वाली सरयू गंगा की सहायक नदी भी है।

आंध्र प्रदेश में स्वर्णमुखी नदी के तट पर मिला 2000 साल पुराना व्यापारिक केंद्र

  • आंध्र प्रदेश के स्वर्णमुखी नदी के समीप भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को 2000 साल पुराने व्यापारिक केंद्र का पता चला है। ईंट से निर्मित ये संरचनाएं राज्य के गोटीपोलू में बीते दिसंबर में शुरू हुई खुदाई के बाद अब मिली हैं, जिनके ईंटों के आकार कृष्ण घाटी के सातवाहन या इक्ष्वाकु काल के ईंटों से मेल खाते हैं।
  • दक्षिण भारत की नदी स्वर्णमुखी, जिस पर तिरुपति में कल्याणी बांध भी बना है, इसके समीप खुदाई में एएसआई की टीम को पल्लव काल से संबंध रखने वाली भगवान विष्णु की चार सशस्त्र मूर्तियां भी मिली हैं।

उत्तर प्रदेश में लांच हुई ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’

  • केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बालिकाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’ राजधानी लखनऊ में लांच की है, जिसके अंतर्गत हर परिवार को बेटी के जन्म पर 15 हजार रुपये का लाभ मिलेगा। योजना के लिए कन्या सुमंगला वेब पोर्टल भी सरकार की ओर से शुरू किया गया है।
  • विभिन्न चरणों में लाभार्थियों के खाते में यह धनराशि स्थानांतरित की जायेगी। अब तक 1.25 लाख पंजीकरण इस योजना के लिए हो चुके हैं और वे बेटियां ही इनके अंतर्गत आएंगी, जिनका जन्म 1 अप्रैल, 2019 के बाद हुआ हो।

पटना, मध्य प्रदेश और मद्रास उच्च न्यायालय को मिले नये मुख्य न्यायाधीश

  • अमरेश्वर प्रताप शाही मद्रास उच्च न्यायालय के नये मुख्य न्यायाधीश बनाये गये हैं। वर्तमान में वे पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर कार्यरत हैं। पटना उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश त्रिपुरा उच्च न्यायालय के उच्च न्यायाधीश संजय करोल को बनाया गया है। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के अगले मुख्य न्यायाधीश के तौर पर एके मित्तल की नियुक्ति की गई है, जो कि मेघालय उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश हैं।
  • तीनों मुख्य न्यायाधीशों के 13 नवंबर तक कार्यभार संभालने के आसार हैं। देश के अलग-अलग उच्च न्यायालयों में न्यायाधीशों की नियुक्ति और उनका स्थानांतरण भारत के राष्ट्रपति भारतीय संविधान के अनुच्छेद 222 के तहत करते हैं।

सर्वोच्च न्यायालय की समिति ने दिल्ली-NCR में की Public Health Emergency की घोषणा

  • सर्वोच्च न्यायालय ने 1 नवंबर को यह घोषणा की। साथ ही नवंबर तक यहां किसी भी तरह के निर्माण पर प्रतिबंध भी लगा दिया। प्रदूषण का स्तर Severe Plus श्रेणी में पहुंचने के बाद पर्यावरण प्रदूषण (रोकथाम एवं नियंत्रण) प्राधिकरण ने ठंड के मौसम के दौरान पटाखे जलाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।
  • दिल्ली सरकार की ओर से प्रदूषण के खतरनाक स्तर को देखते हुए 5 नवंबर तक स्कूल बंद करने के आदेश जारी कर दिये गये। पर्यावरण प्रदूषण (रोकथाम एवं नियंत्रण) प्राधिकरण के अध्यक्ष भूरे लाल के मुताबिक दिल्ली-NCR में बीते 31 अक्टूबर की रात को वायु की गुणवत्ता बहुत खराब हो गई थी और उसके बाद Severe Plus श्रेणी में पहुंच गई, जो कि बेहद खतरनाक है।

UAE में भारत के राजदूत नियुक्त हुए पवन कपूर

  • पिछले महीने सेवानिवृत्त हुए नवदीप सिंह सूरी की जगह 1990 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी पवन कपूर को UAE में भारत के नये राजदूत की जिम्मेवारी सौंपी गई है। मास्को, लंदन, जेनेवा और कीव में पवन कपूर विभिन्न पदों पर भारतीय मिशन के अंतर्गत सेवा दे चुके हैं।
  • कपूर ने अपनी अंतिम तैनाती के वक्त इजराइल के राजदूत के तौर पर सेवा दी थी। मोजांबिक और स्वाजीलैंड में भी वे जनवरी, 2014 से फरवरी 2016 तक भारतीय उच्चायुक्त की जिम्मेवारी संभाल चुके हैं।

व्यास सम्मान 2018 से सम्मानित हुए हिंदी लेखक लीलाधर जगूरी

  • हिंदी के प्रख्यात लेखक लीलाधर जगूरी को हिंदी के प्रतिष्ठित व्यास सम्मान से नवाजा गया है। नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में 28वां व्यास सम्मान जगूरी को प्रदान किया गया। अपने काव्य संग्रह ‘जितने लोग उतने प्रेम’ के लिए उन्हें यह पुरस्कार मिला है।
  • भारतीय उद्योगपति कृष्ण कुमार बिरला के सम्मान में केके बिड़ला फाउंडेशन द्वारा व्यास सम्मान दिये जाने की शुरुआत वर्ष 1991 में हुई थी। इसके तहत एक प्रशस्ति पत्र और पट्टिका के साथ चार लाख रुपये पुरस्कार के तौर पर मिलते हैं।

गुरुनानक देव की 550वीं जयंती के अवसर पर पाकिस्तान ने जारी किया सिक्का

  • पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी किया यह 50 रुपये का सिक्का करतारपुर साहिब में तीर्थयात्रियों के लिए उपलब्ध होगा। भारत के तीर्थयात्रियों का करतारपुर साहिब के लिए पहला जत्था 9 नवंबर को रवाना हो सकता है। करतारपुर साहिब गलियारे की शुरुआत के लिए भारत सरकार ने बीते 24 अक्टूबर को पाकिस्तान के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किये थे।
  • करतार गलियारा भारत के गुरदासपुर स्थित डेरा बाबा नानक मंदिर को पाकिस्तान के करतार में बने दरबार साहिब गुरुद्वारे से जोड़ता है। जो पर्यटक इस्लामाबाद स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब जाएंगे, उन्हें 20 डॉलर सेवा शुल्क के रूप में अदा करने होंगे।

Leave a Reply !!

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.