साप्ताहिक करेंट अफेयर्स- 7 से 13 सितम्बर 2020

1345
current affairs in Hindi


Vodafone और Idea ने पेश किया नया ब्रांड लोगो ‘VI’

• Vodafone Idea ने ‘Vi’ के रूप में नया इंटीग्रेटिड ब्रांड लोगो पेश किया है। यह लोगो दोनों ही नेटवर्क वोडाफोन और आइडिया के शुरुआती अंग्रेजी अक्षरों को मिलाकर बनाया गया है।

• ज्ञात हो, अगस्त 2018 में Vodafone Idea का आपस में विलय हो गया था। जिसके बाद ये भारत की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी बनकर उभरी थी जिसकी ग्राहक संख्या लगभग 40 करोड़ है।

• आदित्य बिड़ला समूह चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला,वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के भी चेयरमैन हैं। ‘Vi’ का मुख्यालय मुंबई में स्थित है।

भारत का एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) के साथ 500 मिलियन अमेरिकी डॉलर के ऋण का करार

• एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) और भारत सरकार के बीच दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम कॉरिडोर के लिए 500 मिलियन अमेरिकी डॉलर के ऋण का करार हुआ है।

• रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम कॉरिडोर, दिल्ली-मेरठ के मध्य एक एक उच्च गति, आधुनिक 82-किलोमीटर लम्बा हाईवे होगा, जिससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और गतिशीलता में सुधार होगा।

• एशियाई विकास बैंक (एडीबी) एक क्षेत्रीय विकास बैंक है जिसकी स्थापना 19 दिसम्बर 1966 में की गयी थी। जिसका उद्देश्य एशियाई देशों के आर्थिक विकास को गति प्रदान करना है।

• वर्तमान में एडीबी के 68 सदस्य देश हैं, इसका कार्य क्षेत्र एशिया और पैसिफिक है।एडीबी का मुख्यालय मनीला, फिलिपिन्स में है।

नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने वाला पहला राज्य बना हिमाँचल प्रदेश

• 08 सितम्बर 2020 को हिमाचल प्रदेश, नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (New Education Policy-2020) लागू करने वाला पहला राज्य बन गया है।

• केंद्र सरकार ने 1986 की राष्ट्रीय शिक्षा नीति में बदलाव करते हुऐ 10+2+3 के स्थान पर नयी 5+3+3+4 प्रणाली प्रस्तुत की है। इसका उदेश्य शिक्षा की पहुँच, समानता, गुणवत्ता, वहनीय शिक्षा और उत्तरदायित्व जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान देना है।

• ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP), 2020’ वर्ष 1968 और वर्ष 1986 के बाद स्वतंत्र भारत की तीसरी शिक्षा नीति है। नई शिक्षा नीति का निर्माण पूर्व इसरो (ISRO) प्रमुख डॉ. के. कस्तूरीरंगन की अध्यक्षता वाली समिति ने किया है।

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस 2020 – 8 सितंबर

• अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस की शुरुवात पहली बार वर्ष 1966 में यूनेस्को (UNESCO) द्वारा की गयी थी। वर्ष 2020 के लिये अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस की थीम ‘COVID-19 संकट और उससे परे साक्षरता शिक्षण एवं सीखना’ रखी गयी है।

• यूनेस्को के अनुसार, दुनिया भर में 773 मिलियन वयस्क एवं युवा लोगों में अभी भी बुनियादी साक्षरता शिक्षा की कमी है।

• राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने देश में राज्यवार साक्षरता दर (वर्ष 2017-18) जारी की है। इसके अनुसार केरल 96.2% साक्षरता के साथ सबसे ज्यादा साक्षर राज्य तथा 66.4% साक्षरता के साथ आंध्र प्रदेश सबसे कम साक्षर राज्य बना है।

• दिल्ली 88.7% साक्षरता के साथ दूसरे स्थान पर, तीसरे स्थान पर 87.6% की साक्षरता के साथ उत्तराखंड तथा हिमाचल प्रदेश 86.6% की साक्षरता दर के चौथे स्थान पर है।

पहला विश्व सौर प्रौद्योगिकी शिखर सम्मेलन

• 8 सितंबर, 2020 को अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन द्वारा पहला विश्व सौर प्रौद्योगिकी शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया है। इस वर्चुअल शिखर सम्‍मेलन में 149 देशों के 26000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

• इस सम्मेलन का उद्देश्य सौर प्रौद्योगिकी की प्रमुख विशेषताओं को प्रस्तुत करना और चर्चा करने के लिये प्रमुख हितधारकों (प्रमुख शैक्षणिक वैज्ञानिकों, प्रौद्योगिकी डेवलपर्स, शोधकर्त्ताओं और नवप्रवर्तनकर्त्ताओं) को एक साथ लाना है।

• अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन एक संधि आधारित अंतर्राष्ट्रीय अंतर सरकारी संगठन है। इसे 30 नवम्बर 2015 को फ्रांस तथा भारत द्वारा संयुक्त रूप से लांच किया था।

• अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन का मुख्यालय गुरुग्राम, हरियाणा में है तथा इसके वर्तमान महानिदेशक उपेंद्र त्रिपाठी है।

उत्तराखंड संस्कृत अकादमी’ का नाम बदलकर ,‘उत्तरांचल संस्कृत संस्थानम् हरिद्वार’ किया गया

• उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ‘उत्तराखंड संस्कृत अकादमी’ की एक बैठक में इस अकादमी का नाम बदल कर ‘उत्तरांचल संस्कृत संस्थानम् हरिद्वार’ कर दिया गया है।

• उत्तराखंड राज्य की दूसरी आधिकारिक भाषा संस्कृत है। राज्य में वर्तमान में 97 संस्कृत विद्यालयों संचालित हो रहे है, यहाँ प्रति वर्ष औसतन 2100 छात्र पढ़ते हैं।

• उत्तराखंड सरकार ने राज्य भर में ‘संस्कृत ग्राम’ (Sanskrit Gram) विकसित करने का निर्णय लिया है। राज्य में संस्कृत भाषा के प्रचार के लिये पहले ज़िला स्तर पर और फिर ब्लॉक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।

चींटी की एक नई प्रजाति ‘वैभव प्रोटानिल्ला’ की खोज

• गोवा के नेत्रावली वन्यजीव अभयारण्य के शोधार्थियों ने लगभग 2.5 मिमी. लंबी चींटी की एक नई प्रजाति ‘वैभव प्रोटानिल्ला’ (Vaibhav’s Protanilla) की खोज की है।

• ‘गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स’ के प्राणीशास्त्र विभाग के प्रमुख प्रोफेसर वैभव चिंदारकर के नाम पर चींटी की इस नई प्रजाति का नाम ‘वैभव प्रोटानिल्ला’ रखा गया है। इसका पूरा वैज्ञानिक नाम ‘प्रोटानिला फ्लैम्मा’ (Protanilla flamma) है।

• यह चींटी भूमिगत रूप से समूह बनाकर रहती है। यह प्रजाति पूरी तरह से अंधी है और अपने अंधेरे भूमिगत क्षेत्र में नेवीगेशन के लिये स्पर्श प्रतिक्रिया एवं रासायनिक संकेतों पर निर्भर करती है।

डेविड एटनबरो को मिला इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार

• डेविड एटनबरो का जन्म 08 मई 1926 को यूनाइटेड किंगडम में हुआ था। उन्होंने ब्रॉडकास्टर प्रकृतिवादी प्रस्तुतकर्ता के तौर काफी काम किया है। वे ज्यादातर अपने लेखन और प्रस्तुति हेतु जाने जाते है।

• ‘इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार’ की स्थापना 1986 में की गई थी। यह पुरस्कार उनकी स्मृति में स्थापित ‘इंदिरा गांधी मेमोरिल ट्रस्ट’ की ओर से दिया जाता है।

• ‘इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार’, शांति, निरस्त्रीकरण, पर्यावरण और सतत विकास के क्षेत्र में काम करने वाली हस्तियों को दिया जाता है। इस पुरस्कार के तहत 25 लाख रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।

‘मनरेगा मैन’ रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन

• 13 सितम्बर 2020 को, बिहार के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन हो गया है। ज्ञात हो निधन से पूर्व उन्होंने आरजेडी छोड़ने की घोषणा की थी।

• रघुवंश प्रसाद सिंह का जन्‍म 06 जून 1946 को वैशाली के शाहपुर में हुआ था। उन्होंने बिहार यूनिवर्सिटी से गणित में डॉक्‍टरेट की उपाधि प्राप्‍त की थी।

• रघुवंश प्रसाद सिंह यूपीए एक में ग्रामीण विकास मंत्री थे और मनरेगा क़ानून का असली शिल्पकार उन्हें ही माना जाता है। ‘मनरेगा’ देश में बेरोज़गारों को साल में 100 दिन रोज़गार मुहैया कराने वाले एक क़ानून है।

आर्थिक स्वतंत्रता सूचकांक(Economic Freedom Index)-2020

• आर्थिक स्वतंत्रता सूचकांक (Economic Freedom Index) विश्व के विभिन्न देशों में दी गई आर्थिक स्वतंत्रताओं का तुलनात्मक अध्ययन करने का बहुआयामी सूचकांक है। इसे अमेरिका के ‘द हेरिटेज फाउंडेशन’ और ‘द वाल स्ट्रीट जर्नल’ संयुक्त रूप से साल 1995 में प्रथम बार जारी किया था।

• इस रिपोर्ट में 162 देशों और उनके अधिकार क्षेत्रों में आर्थिक स्वतंत्रता को आंका जाता है। इनमें व्यक्तिगत पसंद का स्तर, बाजार में प्रवेश की योग्यता, निजी सम्पति की सुरक्षा, कानून का शासन सहित अन्य मानकों के आधार पर एक वार्षिक आर्थिक रिपोर्ट तैयार की जाती है।

• इस सूची में पहले,दूसरे,तीसरे, चौथे ,पांचवे स्थान पर क्रमशः हांगकांग ,सिंगापुर ,न्यूजीलैंड, स्विट्जरलैंड, अमेरिका हैं। भारत को इस सूची में 105वा स्थान मिला है।

Leave a Reply !!

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.