साप्ताहिक करेंट अफेयर्स- 16 से 22 सितंबर 2019

[simplicity-save-for-later]
3181
current affairs in Hindi

ऑस्कर अवार्ड के लिए भारत की ओर से प्रविष्टि के तौर पर भेजी गई ‘गली बॉय’

  • ऑस्कर अवार्ड के 92वें संस्करण के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘गली बॉय’ का चयन करके भेजा गया है। ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म’ के तौर पर इस फिल्म का चयन किया गया है। फिल्म का निर्देशन जोया अख्तर ने किया था और रणवीर सिंह के साथ फिल्म में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
  • अमेरिका के लॉस एंजलेस में 9 फरवरी, 2020 को ऑस्कर अवार्ड समारोह का आयोजन किया जायेगा। मीडिया का यह सबसे पुराना पुरस्कार समारोह माना जाता है, जिसे कि अकादमी पुरस्कार के नाम से भी जानते हैं। अमेरिकन अकादमी ऑफ़ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेस की ओर से यह पुरस्कार दिया जाता है।

महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों की घोषणा

  • महाराष्ट्र और हरियाणा के लिए भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से विधानसभा चुनावों की घोषणा कर दी गई है। दोनों ही राज्यों में केवल एक ही चरण में 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और मतों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी। 9 नवंबर को महाराष्ट्र और 2 नवंबर को हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल पूरा हो रहा है। महाराष्ट्र में जहां 288 विधानसभा सीटों पर मतदान होंगे, वहीं हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा।
  • महाराष्ट्र में 8 करोड़ 94 लाख 46 हजार 211 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जबकि हरियाणा में मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 82 लाख है। दोनों ही राज्यों में 4 अक्टूबर तक नामांकन भरे जा सकेंगे।

भारतीय वायु सेना ने किया ‘अस्त्र’ का सफल परीक्षण

  • भारतीय वायु सेना की ओर से पूरी तरह से देश में ही निर्मित हवा से हवा में मार करने वाली BVRAAM (Beyond Visual Range Air-to-Air Missile) मिसाइल ‘अस्त्र’ का 5 सफल परीक्षण 16 से 19 सितंबर 2019 तक किया गया है। विभिन्न परिस्थितियों में भी ये मिसाइलें पूरी तरह से मार करने में सक्षम हैं। जो निशाने परीक्षण के दौरान इन्हें दिये गये, इन्होंने उन्हें सफलतापूर्वक ध्वस्त करने में कामयाबी हासिल की।
  • रक्षा अनुसंधान व विकास संगठन यानी कि DRDO की ओर से इसे विकसित किया गया है। यह 3.8 मीटर लंबा और 154 किलोग्राम वजनी है। 15 किग्रा पारंपरिक विस्फोटक ले जाने में सक्षम यह मिसाइल 4 मैक की गति यानी कि ध्वनि से भी चार गुना अधिक गति से अपने निशाने पर प्रहार करती है। साथ ही यह दुश्मन रडार के सिग्नल को जाम करने में भी समर्थ है।

राष्ट्रीय पुलिस विश्वविद्यालय की नोएडा में होगी स्थापना

  • पुलिस से संबंधित विभिन्न विधाओं की पढ़ाई कराने वाले अलग-अलग स्ट्रीम वाले विश्व स्तरीय राष्ट्रीय पुलिस विश्वविद्यालय की नोएडा में स्थापना की जाने की घोषणा केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से की गई है। नोएडा के आईटी पार्क के टेक जोन में करीब 100 एकड़ के इलाके में इसकी स्थापना की जानी है।
  • विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए ग्रेटर नॉएडा इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (GNIDA) की ओर से 90 वर्षों के लिए 371 करोड़ रुपये की दर से इस विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए भूमि लीज पर देने का प्रस्ताव भी दे दिया गया है। पुलिस विज्ञान, साइबर फोरेंसिक, आपराधिक न्याय, अपराधी विज्ञान एवं जोखिम प्रंबधन आदि में इस विश्वविद्यालय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम उपलब्ध होंगे। साथ ही डाॅक्टोरल की डिग्री भी मिल पायेगी।

एलसीए तेजस से उड़ान भरने वाले पहले रक्षा मंत्री बने राजनाथ सिंह

  • एयर वाईस मार्शल नर्मदेश्वर तिवार के साथ कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 30 मिनट तक हल्के लड़ाकू विमान एलसीए तेजस में उड़ान भरने वाले राजनाथ सिंह भारत के प्रथम रक्षा मंत्री बन गये हैं। एक ही इंजन का इस लड़ाकू विमान में इस्तेमाल किया गया है और यह सिंगल सीटर भी है। इसे दुनिया का सबसे छोटा और सबसे हल्का सुपरसोनिक लड़ाकू विमान माना जाता है।
  • पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा इसका नाम तेजस रखा गया था। Quadruplex digital fly-by-wire प्रणाली की वजह से तेजस को नियंत्रित करना आसान है। साथ ही करीब 400 किलोमीटर की रेंज के साथ हवा से जमीन पर मार करने वाले अभियानों में आसानी से ये इस्तेमाल में लाये जाते हैं। करीब दो साल पहले भारतीय वायु सेना में इसकी एंट्री हुई थी। लेजर गाइडेड बम गिराने में यह विमान सक्षम है।

भारतीय वायु सेना के नये प्रमुख नियुक्त किये गये एयर मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया

  • भारतीय वायु सेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल बी.एस. धनोआ जो कि 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, उनकी जगह भारत सरकार की ओर से एयर मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया को भारतीय वायु सेना का नया प्रमुख नियुक्त किये जाने की घोषणा कर दी गई है। भदौरिया 30 सितंबर को ही पद्भार ग्रहण करेंगे।
  • श्री भदौरिया का कमीशन भारतीय वायु सेना में 15 जून, 1980 को हुआ था। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के कमांडेंट और सेंट्रल एयर कमांड में सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर के पद पर भी सेवा दे चुके हैं। इस वक्त वे भारतीय वायु सेना के उप प्रमुख के रूप में भी सेवा दे रहे हैं।

2020 को तेलंगाना सरकार ने घोषित किया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वर्ष

  • नीति आयोग के साथ तेलंगाना सरकार की ओर से एक समझौते पर हस्ताक्षर किये गये हैं। नीति आयोग ने जो ‘AI फॉर आल’ नामक दस्तावेज तैयार किया है और जिसे कि नीति आयोग की ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की राष्ट्रीय नीति’ कहा जा रहा है, उस पर हस्ताक्षर करने के बाद तेलंगाना सरकार की ओर से वर्ष 2020 को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वर्ष घोषित कर दिया गया है।
  • इसके तहत राज्य सरकार की ओर से पूरे वर्ष के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संबंधित कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस दरअसल कंप्यूटर विज्ञान की एक ऐसी शाखा के रूप में पहचानी जाती है, जिसके तहत मशीन में इंसानों की तरह ही बुद्धि विकसित कर उसे काम करने को तैयार किया जाता है।

सर्वोच्च न्यायालय में शामिल किये गये चार नये न्यायाधीश

  • सर्वोच्च न्यायालय में चार नये न्यायाधीशों जस्टिस कृष्ण मुरारी, जस्टिस वी रामासुब्रमण्यम, जस्टिस एस रविंद्र भट एवं जस्टिस ऋषिकेश राय की नियुक्ति का मार्ग केंद्र सरकार की ओर से प्रशस्त कर दिया गया है, जिसके बाद से सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है। संविधान के अनुच्छेद 124(1) के तहत सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या निश्चित की गई है, मगर इसमें बढ़ोतरी के लिए संसद की ओर से सर्वोच्च न्यायालय (न्यायधीशों की संख्या) अधिनियम, 1956 को लागू किया गया था।
  • अंतिम बार वर्ष 2009 में न्यायाधीशों की संख्या 25 से बढ़ाकर 30 (मुख्य न्यायाधीश के अतिरिक्त) की गई थी। अब सर्वोच्च न्यायालय (न्यायधीशों की संख्या) विधेयक, 2019 के जरिये इसे 30 से बढ़ाकर 34 (मुख्य न्यायाधीश के साथ) कर दिया गया है।

भारत की पहली महिला सैन्य राजनयिक बनीं बिहार की अंजलि सिंह

  • रूस में भारतीय दूतावास में डिप्टी एयर अताशे के तौर पर तैनात किये जाने के बाद विंग कमांडर अंजलि सिंह को भारत की पहली महिला सैन्य राजनयिक बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। एयर अताशे दरअसल राजनयिक मिशन के तहत भारतीय वायु सेना अधिकारी होता है, जिस पर किसी अन्य देश में वायु सेना के प्रतिनिधित्व की जिम्मेवारी होती है।
  • वर्ष 2001 में अंजलि भारतीय वायु सेना में अफसर के रूप में कमीशन हुई थीं और जोधपुर में कार्यरत थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.