साप्ताहिक करेंट अफेयर्स 7 फरवरी से 13 फरवरी 2022

1220
current affairs in Hindi

PLAYING x OF y
Track Name
00:00

00:00


आईपीएल 2022 नीलामी में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी बने ईशान किशन

  • विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन को मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपये में खरीदा है और इस तरह से आईपीएल 2022 नीलामी में वे सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
  • गेंदबाज दीपक चाहर 14 करोड़ में चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा खरीदे गए हैं। इसके अलावा पंजाब किंग्स ने लियाम लिविंगस्टोन को 11.50 करोड़ में खरीदा है।
  • मशहूर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर 12.25 करोड़ में कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा खरीदे गए हैं।
  • दिल्ली कैपिटल्स ने 16 करोड़ में ऋषभ पंत को रिटेन किया है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने 16 करोड़ में रविंद्र जडेजा और 12 करोड़ में एमएस धोनी को रिटेन किया है।
  • उसी तरह से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी 15 करोड़ में विराट कोहली और कोलकाता नाइट राइडर्स ने 12 करोड़ में आंद्रे रसेल को रिटेन किया है।
  • रोहित शर्मा 16 करोड़ में मुंबई इंडियंस द्वारा रिटेन किए गए हैं।

ड्रोन आयात पर भारत ने लगाया प्रतिबंध

  • मेड इन इंडिया को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारत सरकार की ओर से ड्रोन के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
  • यह प्रतिबंध ड्रोन के पुर्जों के आयात पर लागू नहीं होगा।
  • यदि अनुसंधान एवं विकास, रक्षा एवं सुरक्षा उद्देश्यों के लिए ड्रोन का आयात आवश्यक होता है, तो ऐसे में सरकार की मंजूरी जरूरी होगी।
  • वर्ष 2021 में नए ड्रोन नियम जारी किए गए थे। इसमें ड्रोन को संचालित करने के लिए जरूरी शुल्क एवं अनुपालन को घटा दिया गया था।
  • इस नियम में ग्रीन जोन में 400 फीट तक ड्रोन को उड़ाने के लिए अनुमति लेने की आवश्यकता को समाप्त कर दिया गया था। साथ ही इसमें कार्गो डिलीवरी के लिए ड्रोन कॉरिडोर विकसित किए जाने की भी बात कही गई थी।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की प्रथम महिला कुलपति बनीं शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित

  • प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्रालय की तरफ से इनकी नियुक्ति की सिफारिश की गई थी और भारत के राष्ट्रपति द्वारा इनकी नियुक्ति कर दी गई है।
  • जेएनयू से ही शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित की पढ़ाई हुई है और वे राजनीति विज्ञान की प्रोफेसर भी हैं।
  • पंडित का कार्यकाल 5 वर्ष का रहेगा। महाराष्ट्र के सावित्रीबाई फुले विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में वे सेवा दे रही थीं।
  • उन्होंने एक प्रोफ़ेसर के तौर पर अपना कॅरियर वर्ष 1988 में शुरू किया था और इसके बाद पुणे विश्वविद्यालय में वर्ष 1993 में उन्होंने पढ़ाना शुरू किया था।

ट्रैफिक जाम के मामले में तुर्की का इस्तांबुल पहले और भारत का मुंबई पांचवें स्थान पर

  • टॉमटॉम ट्रैफिक इंडेक्स जारी कर दिया गया है, जिसमें वर्ष 2021 में ट्रैफिक जाम के मामले में दुनियाभर में पहले स्थान पर इस्तांबुल रहा है।
  • इस सूची में दूसरा स्थान रूस के मास्को और तीसरा स्थान यूक्रेन के कीव को मिला है।
  • ट्रैफिक जाम के मामले में दुनियाभर में चौथे स्थान पर कोलंबिया का बोगोटा रहा है। वहीं, भारत की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई इस सूची में पांचवें स्थान पर है।
  • मुंबई के अलावा भारत की गार्डन सिटी के नाम से मशहूर कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु को भी इस सूची में जगह मिली है और यह ट्रैफिक जाम के मामले में दुनियाभर में 10वें स्थान पर है।
  • भारत की राजधानी नई दिल्ली इस सूची में 11वें स्थान पर, जबकि महाराष्ट्र पुणे 21वें स्थान पर है।
  • मुंबई में जाम प्रतिशत 53 और बेंगलुरु में 48 फीसदी रहा है।

वर्ष 2020 में बेरोजगारों के बीच बढ़ी आत्महत्या की दर

  • केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की तरफ से दिए गए लिखित उत्तर में यह जानकारी दी गई है कि वर्ष 2020 में 3 हजार 548 लोगों की जान बेरोजगारी के कारण आत्महत्या की वजह से चली गई।
  • यह पहला ऐसा मौका है जब बेरोजगारी की वजह से आत्महत्या करने वालों की संख्या 3000 के आंकड़े को पार कर गई है।
  • वर्ष 2019 में 1.39 लाख लोगों ने आत्महत्या की थी, लेकिन वर्ष 2020 में ऐसे लोगों की संख्या 1.53 लाख पहुंच गई है।
  • राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो यानी कि एनसीआरबी ने जो आंकड़े जारी किए हैं, उसके मुताबिक बेरोजगारों में आत्महत्या करने वालों की सबसे अधिक संख्या वर्ष 2020 में कर्नाटक में 720 दर्ज की गई।
  • इसके बाद महाराष्ट्र का नंबर है, जहां 625 लोगों ने बेरोजगारी की वजह से आत्महत्या की। वहीं, तमिलनाडु में 336, असम में 234 और उत्तर प्रदेश में 227 लोगों ने बेरोजगारी की वजह से मौत को गले लगा लिया।

नहीं रहे महाभारत के भीम प्रवीण कुमार सोबती

  • प्रवीण कुमार सोबती, जिन्होंने बीआर चोपड़ा के प्रख्यात टीवी सीरियल महाभारत में भीम की भूमिका निभाई थी, 74 वर्ष की उम्र में उनका बीते 8 फरवरी को निधन हो गया।
  • अंतिम समय में वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे और लंबे अरसे से बीमार भी चल रहे थे।
  • उनकी आखिरी फिल्म वर्ष 2013 में आई थी, जिसका नाम बर्बरीक था। अपने कॅरियर के दौरान उन्होंने करीब 50 फिल्मों और टीवी शो में काम किया।
  • प्रवीण न केवल एक अभिनेता थे, बल्कि वे एक डिस्कस थ्रो एथलीट भी थे। एशियाई खेलों में चार बार उन्होंने पदक भी जीता था।
  • प्रवीण अर्जुन अवार्ड से भी सम्मानित किए गए थे और खेल की वजह से सीमा सुरक्षा बल में डिप्टी कमांडेंट की नौकरी भी उन्हें मिल गई थी।

महत्वपूर्ण दिवस एवं तिथियां

  • विश्व दाल दिवस, 10 फरवरी- वर्ष 2016 को अंतरराष्ट्रीय दालों का वर्ष दालों के महत्व को रेखांकित करने के लिए घोषित किया गया था, जिसके बाद से संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा प्रतिवर्ष 2019 से 10 फरवरी को विश्व दाल दिवस के तौर पर बनाए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया था।
  • विश्व यूनानी दिवस, 11 फरवरी- यूनानी शोधकर्ता हकीम अजमल खान की जयंती के अवसर पर यह दिवस मनाया जाता है।
  • विज्ञान में महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस, 11 फरवरी- हर वर्ष 2015 से संयुक्त राष्ट्र द्वारा इस दिवस को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालने के उद्देश्य से मनाया जा रहा है।
  • विश्व रेडियो दिवस, 13 फरवरी- इस दिवस को मनाए जाने की शुरुआत वर्ष 2012 में रेडियो के बारे में जागरूकता बढ़ाने एवं प्रसारकों के बीच नेटवर्किंग को शक्तिशाली बनाने के उद्देश्य से हुई थी।

नॉलेज बूस्टर

  • राहुल भाटिया को किस एयरलाइन का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है?- इंडिगो एयरलाइन
  • फाइजर इंडिया का अध्यक्ष विश्व बैंक के किस पूर्व सलाहकार को नियुक्त किया गया है?- प्रदीप शाह
  • भारतीय जनता पार्टी में कौन से प्रख्यात रेसलर शामिल हुए हैं?- द ग्रेट खली
  • आईपीएल टीम पंजाब किंग्स के किस बैटिंग कोच ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है?- वसीम जाफर
  • होशंगाबाद का नाम बदलकर मध्य प्रदेश सरकार ने क्या रखने की घोषणा की है?- नर्मदापुरम
  • अपनी टीम का नाम गुजरात टाइटंस रखने की घोषणा किस आईपीएल फ्रेंचाइजी ने की है?- अहमदाबाद
  • अक्षय कुमार को किस राज्य सरकार ने राज्य का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है?- उत्तराखंड सरकार
  • मध्य प्रदेश सरकार ने शिवपुरी का नाम बदलकर क्या रखने की घोषणा की है?- कुंडेश्वर
  • सूबेदार संजय कुमार नए प्रशिक्षक कहां नियुक्त किए गए हैं?- राष्ट्रीय रक्षा अकादमी
  • प्रधानमंत्री ने हाल ही में किस घटना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धांजलि दी?- चौरी चौरा

Leave a Reply !!

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.