मारा गया ISIS सरगना अबु बकर अल-बगदादी
- हिंसक आतंकी संगठन ISIS के सरगना अबु बकर अल-बगदादी के अमेरिका सेना के हमले में मारे जाने की घोषणा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की है। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी सेना के हमले के बाद बचने का कोई रास्ता नहीं देख बगदादी ने सुरंग के अंदर सुसाइड वेस्ट में धमाका कर लिया, जिससे उसकी और उसके तीन बच्चों की भी मौत हो गई।
- ISIS का संस्थापक बगदादी को ही माना जाता है। ISIS का हिंदी में अर्थ इराक एवं शाम का इस्लामिक राज्य है, जिसमें शाम सीरिया का पुराना नाम है। अप्रैल, 2013 में यह अस्तित्व में आया था।
दोबारा हरियाणा के मुख्यमंत्री बने मनोहर लाल खट्टर
- हरियाणा के मुख्यमंत्री के तौर पर भारतीय जनता पार्टी के नेता मनोहर लाल खट्टर ने लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ले ली है। बीते विधानसभा चुनाव में बहुमत क आंकड़े से दूर रह जाने की स्थिति में भाजपा ने जननायक जनता पार्टी (JJP) के साथ गंठबंधन करके सरकार बनाया है। गंठबंधन के समझौते के तहत JJP के प्रमुख दुष्यंत चौटाला को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई है।
- विधानसभा चुनाव में भाजपा को 90 में से 40 सीटें मिलीं। JJP का गठन नौ माह पूर्व ही हुआ है। इसके साथ मिलकर भाजपा ने यहां दोबारा अपनी सरकार बना ली है। दुष्यंत चौटाला पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल के पोते भी हैं।
बिना वीजा के ब्राजील जा सकेंगे भारतीय
- भारत के जो पर्यटक अब ब्राजील जाएंगे, वहां जाने के लिए उन्हें वीजा की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। साथ ही चीनी पर्यटक भी इस छूट का लाभ उठा पाएंगे। ब्राजील, रूस और दक्षिण अफ्रीका के साथ भारत और चीन ब्रिक्स समूह का हिस्सा हैं। भारतीय और चीनी पर्यटकों के ब्राजील जाने पर वीजा की आवश्यकता अब नहीं रहने की घोषणा ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो ने चीन की आधिकारिक यात्रा के वक्त यह घोषणा की है।
- ब्राजील की सरकार इसी साल इससे पहले ऑस्ट्रेलिया, जापान, कनाडा और अमेरिका के भी अल्प अवधि के लिए आने वाले पर्यटकों के लिए वीजा की जरूरत को खत्म कर दिया था।
जम्मू-कश्मीर के पहले लेफ्टिनेंट गवर्नर बने गिरीश चंद्र मुर्मू
- गुजरात कैडर के IAS अधिकारी गिरीश चंद्र मुर्मू को जम्मू-कश्मीर का प्रथम लेफ्टिनेंट गर्वनर नियुक्त किया गया है। जम्मू-कश्मीर 31 अक्टूबर को लद्दाख के साथ केंद्रशासित प्रदेश के रूप में अस्तित्व में आ जायेगा। इससे पहले सत्यपाल मलिक जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल थे, जिन्हें अब गोवा का राज्यपाल बना दिया गया है। लद्दाख के लेफ्टिनेंट गर्वनर की जिम्मेदारी राधाकृष्ण माथुर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सौंपी है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौरान गिरीश चंद्र मुर्मू गुजरात के प्रधान सचिव थे। वहीं, राधाकृष्ण माथुर त्रिपुरा कैडर के 1977 बैच के IAS अधिकारी हैं।
वन टच ATVM को भारतीय रेलवे ने किया लांच
- भारतीय रेलवे की ओर से स्मार्ट कार्ड पर काम करने वाली ATVM (आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) को लांच किया गया है, जिसमें कि यात्रियों को केवल दो चरणों में ही टिकट मिल जायेगा। इसकी शुरुआत रेलवे की ओर से सर्वप्रथम 42 उपनगरीय स्टेशनों से की गई है। इससे न केवल यात्रियों के समय की बचत होगी, बल्कि मुंबई उपनगरीय नेटवर्क के टिकटिंग सिस्टम का भार भी कम होगा।
- इस मशीन में कोई अपने smart card को डालकर रूट और मंजिल का चयन कर सकता है, जिसके बाद उसके द्वारा भरे गये डिटेल्स की पुष्टि करके मशीन टिकट प्रिंट कर देती है। टिकट के प्रिंट होते ही कार्ड से पैसे भी कट जाते हैं। फिलहाल यह मशीन तीन भाषाओं में उपलब्ध है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी भाजपा
- महाराष्ट्र में बीते 21 अक्टूबर को हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 24 अक्टूबर, 2019 को घोषित कर दिये गये और इनमें 105 सीटें हासिल करने के साथ भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों के लिए हुए मतदान में भाजपा के सहयोगी दल शिवसेना को 56 सीटें मिली हैं।
- भाजपा बहुमत के आंकड़े से दूर है और उसका अकेले सरकार बनाना संभव नहीं है। इसलिए भाजपा के शिवसेना के साथ मिलकर सरकार बनाने के आसार बन रहे हैं। देवेंद्र फडणवीस फिर से मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। चुनाव में कांग्रेस को 44 और एनसीपी को 54 सीटें हासिल हुई हैं।
विश्व बैंक के अनुसार भारत ईज ऑफ़ डूइंग में 63वें स्थान पर पहुंचा
- भारत ने ईज ऑफ़ डूइंग रैंकिंग में 14 स्थान की छलांग लगाई है और 63वें स्थान पर जा पहुंचा है। यह रिपोर्ट विश्व बैंक की ओर से जारी की गई है। व्यापार शुरू करने, ऋण प्राप्त करने और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार जैसे 10 मानकों के आधार पर इसमें देशों को विश्व बैंक की ओर से रैंकिंग प्रदान की जाती है। साथ ही सबसे अधिक सुधार करने वाले टॉप 10 देशों की सूची में भी भारत को शामिल किया गया है।
- भारत पिछले वर्ष इस सूची में 77वें स्थान पर रहा था। विश्व बैंक की स्थापना जुलाई, 1945 में हुई थी और इसका मुख्यालय वांशिगटन डीसी में स्थित है। जिम योंग किम इसके अध्यक्ष हैं। यह ऋण देने वाली एक अंतर्राष्ट्रीय संस्था है।
वुशु वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत के प्रवीण कुमार को मिला स्वर्ण पदक
- चीन के शंघाई में हुए 15वें वुशु वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत के प्रवीण कुमार स्वर्ण पदक हासिल करने वाले पहले भारतीय पुरुष बन गये हैं। प्रवीण कुमार ने स्वर्ण पदक जीतने के लिए 48 किलोग्राम भार वर्ग में फिलिपींस के रसेल डिआज को 2-1 से हराया। इस प्रतियोगिता में भारत एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
- वुशु दरअसल एक चीनी युद्ध कला है, जिसमें कुश्ती, फुट कांटेक्ट किक-बॉक्सिंग जैसे खेल शामिल हैं। सेमीफाइनल मुकाबले में उज्बेकिस्तान के खासन इकरोमोव को प्रवीण कुमार ने 2-0 से मात दी थी। वर्ष 2007 में ही वुशु में वर्ल्ड चैंपियन बनने वाली पूजा कादियान पहली भारतीय बनी थीं।
पहल ‘भारत की लक्ष्मी’ के लिए ब्रांड एंबेसडर बनाई गईं दीपिका पादुकोण और पीवी सिंधु
- बाॅलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी की गई पहल ‘भारत की लक्ष्मी’ का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। इस पहल के तहत देशभर से उन महिलाओं को दीवाली उत्सव पर देश के सामने लाया जाता है, जो विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर रही हैं। महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना इसका प्रमुख उद्देश्य है।
- महिला सशक्तीकरण के लिए भारत सरकार की ओर से संचालित अन्य प्रमुख योजनाओं में डायरेक्ट ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफार्म महिला ई-हाट, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, वर्किंग वीमेन हॉस्टल और महिला व बाल विकास मंत्रालय की ओर से महिलाओं के पुनर्वास के लिए संचालित स्वधारा गृह आदि शामिल हैं।
भारतीय वायुसेना ने किया ब्रह्मोस मिसाइल का सफल परीक्षण
- अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में भारतीय वायुसेना की ओर से ब्रह्मोस मिसाइल का दो सफल परीक्षण किया गया है, जिसमें 300 किमी दूर स्थित अपने लक्ष्य को ध्वस्त करने में यह मिसाइल अपने दोनों ही परीक्षणों में कामयाब रही है। मोबाइल प्लेटफार्म से इस परीक्षण को अंजाम दिया गया।
- भारत की ब्रह्मपुत्र नदी और रूस की मोस्कवा नदी के नाम को मिलाकर इस मिसाइल का नाम ब्रह्मोस रखा गया है, जिसकी मारक क्षमता करीब 290 किलोमीटर की है। यह एक मध्यम रेंज की सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है।