इतिहास के पन्नों में ‘अक्टूबर’ | Historic October

1939
October in history

PLAYING x OF y
Track Name
00:00

00:00


ये अक्टूबर का महीना चल रहा है। हवा में हल्की हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। सुबह सुबह पत्तों पर ओस की बूंदें भी अब नजर आने लगी हैं। दरअसल अक्टूबर नाम लैटिन शब्द ‘ऑक्टो’ से लिया गया है जिसका अर्थ होता है आठ। ऐंग्लो सैक्सन के अनुसार इसे विंटरफिलेथ कहा जाता था जिसका मतलब है अच्छी सर्दी। साल का ये दसवां महीना भारत में यूं तो त्योहारों से भरा होता है लेकिन ये महीना दुनिया भर के इतिहास में भी अपनी एक खास जगह रखता है। अक्टूबर के महीने में देश दुनिया में क्या हुआ था, कौन कौन सी बड़ी घटनाएं घटी थी जिसने इतिहास के पन्नों में अपना प्रभाव छोड़ा… आइये इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

1 अक्टूबर

एक अक्टूबर का दिन दुनिया भर में बुजुर्गों को समर्पित है। बुजुर्गों की समस्या को उठाने और उनके लिए एक बेहतर समाज बनाने के इरादे से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 14 दिसंबर 1990 को एक प्रस्ताव अपनाया और एक अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के रूप में नामित किया।

भारत के लिहाज से अगर इतिहास के पन्नों पर नज़र डालें तो एक अक्टूबर बेहद खास नजर आता है क्योंकि साल 1854 में एक अक्टूबर के दिन ही भारत में डाक टिकट का प्रचलन शुरू हुआ था। इस टिकट पर महारानी विक्टोरिया की तस्वीर और भारत बना होता था।

1 अक्टूबर 1847 को मशहूर समाजसेवी, लेखिका और स्वतंत्रता सेनानी एनी बेसेंट का जन्म हुआ था। हिंदी फिल्मों के मशहूर गीतकार मजरूह सुल्तानपुरी भी साल 1919 में एक अक्टूबर के दिन ही जन्में थे।

2 अक्टूबर

भारत के इतिहास में 2 अक्टूबर का एक खास महत्व है। यह दिन भारत की दो महान विभूतियों के जन्मदिवस के तौर पर इतिहास के पन्नों में दर्ज है। 2 अक्टूबर 1869 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्म हुआ था जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और आजाद भारत को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई। महात्मा गांधी के जन्म दिन को चिन्हित करने के लिए पूरी दुनिया 2 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाती है। वहीं भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को हुआ था जिनकी सादगी और विनम्रता की दुनिया कायल थी।

3 अक्टूबर

सीमाओं के बंधन में बंधी इस दुनिया में तीन अक्टूबर की तारीख अपना एक अलग मुकाम रखती है। साल 1990 में 3 अक्टूबर के ही दिन पूर्वी और पश्चिमी जर्मनी एक हो गए थे। ये पहला मौका था जब जन आंदोलन की वजह से किसी विभाजित देश को एक होने का मौका मिला था।

भारत के लिहाज से देखें तो 3 अक्टूबर को ही पहली बार किसी पूर्व प्रधानमंत्री को गिरफ्तार किया गया था। ये पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थीं जिन्हें 3 अक्टूबर 1977 को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

4 अक्टूबर

जानवरों के अधिकारों को प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए 4 अक्टूबर को दुनिया भर में विश्व पशु कल्याण दिवस मनाया जाता है।

साल 1963 में 4 अक्टूबर के ही दिन क्यूबा और हैती में फ्लोरा नाम के भयंकर चक्रवाती तूफान ने तबाही मचाई थी जिसमें करीब 6 हज़ार लोग मारे गए थे।

साल 1996 में 4 अक्टूबर को ही पाकिस्तानी बल्लेबाज शाहिद अफरीदी ने महज 16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय एक दिवसीय क्रिकेट मैच में सबसे तेज शतक लगाया था। उन्होंने महज 37 गेंद में शतक लगाकर नया रिकॉर्ड कायम किया था।

5 अक्टूबर

इस दिन को पूरी दुनिया में विश्व शिक्षक दिवस के तौर पर मनाया जाता है।

कलकत्ता में साल 1877 में 5 अक्टूबर को आए चक्रवात में लगभग 50 हजार लोगों की मौत हुई थी।

भारतीय इतिहास की प्रसिद्ध वीरांगना रानियों में से एक रानी दुर्गावती का जन्म 5 अक्टूबर 1524 को हुआ था।

6 अक्टूबर

साल 1893 में 6 अक्टूबर के ही दिन मेघनाथ साहा का जन्म हुआ था। साहा गणित और फिजिक्स के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य करने वाले भारतीय वैज्ञानिक थे। इनके अलावा मशहूर फिल्म एक्टर और पॉलिटिशियन विनोद खन्ना का भी जन्म 6 अक्टूबर (1946) को ही हुआ था।

7 अक्टूबर

दुनिया को कपास के महत्व को समझाने के लिए 7 अक्टूबर को विश्व कपास दिवस के तौर पर मनाया जाता है।

सन 1586 में इसी तारीख को मुगलिया फौज ने कश्मीर में प्रवेश किया था। अमेरिका और ब्रिटिश सरकार ने 7 अक्टूबर 1942 को संयुक्त राष्ट्र की स्थापना की घोषणा की थी। 1914 में इसी दिन गजल और ठुमरी की विश्व प्रसिद्ध गायिका बेगम अख्तर का जन्म हुआ था और 1708 में इसी दिन सिक्ख गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी का निधन हुआ था।

8 अक्टूबर

भारत में हर साल ये तारीख भारतीय वायु सेना दिवस को तौर पर मनाई जाती है। साल 1932 में 8 अक्टूबर को ही भारतीय वायु सेना का गठन किया गया था।

2005 में 8 अक्टूबर को ही पड़ोसी देश पाकिस्तान में 7.5 तीव्रता वाला भूकंप आया था जिसमें 70 हजार लोगों की मौत हुई थी.. करीब इतने ही लोग घायल हुए थे। करीब 30 लाख लोग बेघर हो गए थे।

9 अक्टूबर

इस दिन को पूरी दुनिया विश्व डाक दिवस को तौर पर मनाती है।

साल 2004 में अफगानिस्तान के इतिहास में पहली बार लोगों ने अपनी पसंद का राष्ट्रपति चुनने के लिए 9 अक्टूबर को मतदान में हिस्सा लिया था।

10 अक्टूबर

दुनियाभर में बढ़ती आत्महत्या की वारदातों को रोकने के प्रति जागरुकता फैलाने के लिए 10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के तौर पर मनाया जाता है।

साल 2005 में एंजेला मार्केल इसी दिन जर्मनी की पहली महिला चांसलर बनीं। 10 अक्टूबर 1954 को मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री रेखा का जन्म हुआ था।

11 अक्टूबर

लड़कियों के लिए आवाज उठाने और उनके अधिकारों के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस को तौर पर मनाया जाता है।

लोकनायक के नाम से मशहूर राजनेता और स्वतंत्रता सेनानी जयप्रकाश नारायण का जन्म 11 अक्टूबर 1902 को हुआ था।

12 अक्टूबर

साल 1860 में इसी दिन ब्रिटेन और फ्रांस की सेना ने चीन की राजधानी बीजिंग पर कब्जा जमाया था।

13 अक्टूबर

साल 1792 में आज ही के दिन व्हाइट हाउस की नींव रखी गई थी। सन 1800 में बनकर तैयार होने के बाद से ये अमेरिकी राष्ट्रपति का सरकारी निवास है।

14 अक्टूबर

भारत की पहली महिला शासक होने का गौरव हासिल करने वाली रजिया सुल्तान का 14 अक्टूबर 1240 को निधन हो गया था।

साल 1956 में इसी दिन बाबा साहब भीरराव आंबेडकर ने अपने 3 लाख 85 हजार अनुयाइयों के साथ बौद्ध धर्म अपना लिया था।

15 अक्टूबर

1931 में इसी दिन भारत के पूर्व राष्ट्रपति और मिसाइल मैन डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम का जन्म हुआ था। 1918 में 15 अक्टूबर के ही दिन शिरडी के साईं बाबा ने अपना शरीर त्यागा था।

16 अक्टूबर

लोगों को हेल्दी खाने के प्रति प्रेरित करने के लिए हर साल 16 अक्टूबर को दुनिया भर में विश्व खाद्य दिवस मनाया जाता है।

यही वो तारीख है जब साल 1905 में वायसराय लॉर्ड कर्जन के आदेश पर बंगाल का विभाजन कर दिया गया था। साल 1948 में इसी तारीख को ड्रीम गर्ल के नाम से मशहूर अदाकारा हेमा मालिनी का जन्म हुआ था।

17 अक्टूबर

गरीबों और बेसहाराओं की मसीहा मानी जाने वाली मदर टेरेसा को 1979 में इसी दिन नोबल शांति पुरस्कार से नवाजा गया था। 17 अक्टूबर 1970 को भारत के पूर्व क्रिकेटर और दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले का जन्म हुआ था।

20 अक्टूबर

सीमा को लेकर लंबे विवाद के बाद 20 अक्टूबर 1962 के दिन भारत और चीन के बीच जंग की शुरुआत हुई थी।

लीबीया पर 40 साल तक बेखौफ शासन करने वाले मुहम्मर गद्दाफी को मौत के घाट उतार दिया गया था।

21 अक्टूबर

साल 1934 में इसी तारीख को नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने सिंगापुर में आज़ाद हिंद फौज की स्थापना की थी। 1954 में 21 अक्टूबर को ही भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई।

22 अक्टूबर

साल 2008 में 22 अक्टूबर को भारत ने अंतरिक्ष में बड़ी छलांग लगाई थी। इसी दिन श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान-1 का सफल प्रक्षेपण किया गया था।

24 अक्टूबर

साल 1984 में इसी तारीख को भारत में पहली मेट्रो रेल सेवा शुरू की गई थी। ये मेट्रो रेल कलकत्ता (आज का कोलकाता) में शुरु हुई थी। अब दिल्ली और यूपी समेत देश के कई राज्यों में मेट्रो रेल सार्वजनिक परिवहन के बड़े साधन के तौर पर उभर रही है।

25 अक्टूबर

भारत को आजादी मिलने के बाद साल 1951 में 25 अक्टूबर को ही पहली बार लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया का आग़ाज़ हुआ था।

1947 में कश्मीर के राजा हरि सिंह ने पाकिस्तानी हमले से घबराकर भारत सरकार से मदद की अपील की थी।

26 अक्टूबर

1947 में इसी दिन कश्मीर का भारत के साथ विलय हुआ था।बंटवारे के बाद पाकिस्तान की तरफ से हुए हमले के बाद राजा हरि सिंह ने भारत के साथ विलय का फैसला लिया था।

साल 1962 में इसी दिन चीन के हमले के मद्देनजर राष्ट्रपति ने देश में पहली बार आपातकाल की घोषणा की थी।

29 अक्टूबर

मुक्केबाजी इवेंट में भारत को पहला ओलंपिक मेडल दिलाने वाले बॉक्सर विजेन्द्र सिंह का जन्म साल 1985 में 29 अक्टूबर को ही हुआ था।

30 अक्टूबर

साल 1909 में 30 अक्टूबर को भारत के महान साइंटिस्ट और परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के जनक होमी जहांगीर भाभा का जन्म हुआ था।

1883 में इसी दिन महान चिंतक और समाज सुधारक स्वामी दयानंद सरस्वती का निधन हुआ था।

31 अक्टूबर

देश को एक करने में अहम भूमिका निभाने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को हुआ था।

देश की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की साल 1984 में इसी तारीख को हत्या कर दी गई थी। उनके बॉडीगार्ड्स ने ही उन्हें गोलियों को भून दिया था।

साथियों इतिहास से बड़ा शिक्षक दूसरा कोई नहीं हो सकता क्योंकि इतिहास से काफी कुछ सीख सकते हैं। इतिहास में हुए अच्छे कामों से प्रेरित हो सकते हैं… तो वहीं इतिहास में हुई गलतियों से सबक लेकर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकते हैं।

Leave a Reply !!

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.